23.1 C
Ranchi
Tuesday, November 3, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला जिले के सभी मध्य, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में 05...

गुमला जिले के सभी मध्य, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में 05 नवंबर को होगी बाल सुरक्षा विषय पर निबंध प्रतियोगिता

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

पॉक्सो जागरूकता अभियान के तहत कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थी लेंगे भाग

बाल अधिकार एवं सुरक्षित असुरक्षित व्यवहार के प्रति किया जाएगा जागरूक।

गुमला : – गुमला जिला में बच्चों की सुरक्षा, बाल अधिकारों तथा पॉक्सो अधिनियम के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं झारखंड शिक्षा परियोजना, गुमला द्वारा संचालित पॉक्सो जागरूकता (सुरक्षित बचपन अभियान) के तहत दिनांक 05 नवंबर 2026 को जिले के सभी सरकारी, सहायता प्राप्त एवं निजी मध्य, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।

सुश्री कविता खलखो, जिला शिक्षा पदाधिकारी गुमला द्वारा बताया गया कि उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन के निदेश अनुरूप जिले के वैसे सभी सरकारी अल्पसंख्यक एवं निजी विद्यालयों जहाँ कक्षा 06 से 12 तक की पढ़ाई होती है, को विद्यार्थियों के बीच “बाल सुरक्षा एवं सुरक्षित-असुरक्षित व्यवहार” विषय पर विद्यालय स्तरीय निबंध प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्देश दिया गया है ।

उन्होंने बताया कि संबंधित विषय पर विद्यार्थियों के बीच निबंध प्रतियोगिता दो श्रेणियों में होगी। प्रथम श्रेणी में कक्षा 6 से 8 तक के विद्यार्थी एक घंटे में 300 से 350 शब्दों का निबंध लिखेंगे, जबकि द्वितीय श्रेणी में कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थी 500 से 600 शब्दों में अपने विचार प्रस्तुत करेंगे।

बच्चों को सुरक्षित एवं असुरक्षित व्यवहार की पहचान, बाल शोषण के विरुद्ध आवाज उठाने, सहायता प्राप्त करने के तरीकों तथा बाल सुरक्षा में परिवार, विद्यालय, समाज एवं प्रशासन की भूमिका के प्रति जागरूक करना एवं बाल अधिकारों की जानकारी देना इसका महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

प्रतियोगिता के आयोजन एवं मूल्यांकन के लिए विद्यालय स्तर पर प्रधानाध्यापक की अध्यक्षता में शिक्षकों की समिति गठित की जाएगी। दोनों श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का चयन कर उनके निबंध संकुल स्तर पर भेजे जाएंगे। इसके बाद संकुल एवं प्रखंड स्तर पर मूल्यांकन की प्रक्रिया पूरी करते हुए चयनित विद्यार्थियों की सूची एवं निबंध जिला कार्यालय को उपलब्ध कराए जाएंगे।

जिला स्तर पर गठित मूल्यांकन समिति द्वारा दोनों श्रेणियों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रतिभागियों को माननीय झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के गुमला आगमन के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में सम्मानित किया जाएगा।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने जिले के सभी प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारियों, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारियों, प्रखंड साधनसेवियों, संकुल साधनसेवियों एवं विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों तथा शिक्षकों से अभियान को गंभीरता से लेते हुए 05 नवंबर को प्रतियोगिता का सफल आयोजन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।

यह पहल बच्चों को जागरूक, सजग एवं आत्मरक्षात्मक बनाने के साथ-साथ विद्यालयों में सुरक्षित एवं बाल हितैषी वातावरण विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading