23.1 C
Ranchi
Tuesday, November 3, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला व पालकोट में खाद्य सुरक्षा विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी अखाद्य रंग...

गुमला व पालकोट में खाद्य सुरक्षा विभाग की ताबड़तोड़ छापेमारी अखाद्य रंग व औद्योगिक हाइड्रो का इस्तेमाल पकड़ाया, लड्डू नष्ट – ठेला-खोमचा से लेकर बड़े दुकानों को FSSAI लाइसेंस बनवाने का सख्त अल्टीमेटम

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया

गुमला : – गुमला जिला में आगामी दीपावली, लक्ष्मी पूजा, काली पूजा और छठ महापर्व के मद्देनजर मिलावटखोरी और अमानक खाद्य सामग्री पर रोक लगाने के उद्देश्य गुमला जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने पूरे जिले में सघन जाँच अभियान छेड़ दिया है। इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी आशा राज, कुमार प्रभाकर और रिज़्ज्वल पाण्डेय के द्वारा पालकोट और गुमला के विभिन्न होटलों, ढाबों, कैटरिंग संचालकों, मिठाई दुकानों और किराना प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण किया गया। अचानक हुई इस सघन कार्रवाई से पूरे इलाके के व्यवसायियों में दिनभर हड़कंप मचा रहा।

जांच टीम ने सबसे पहले पालकोट स्थित मेसर्स यशराज ढाबा का निरीक्षण किया, जहां साफ-सफाई का अभाव पाया गया और कर्मचारियों द्वारा एप्रन, हेडगियर व ग्लव्स का उपयोग नहीं किया जा रहा था। साथ ही ढाबा संचालक के पास वैध फूड लाइसेंस भी नहीं मिला। इसके बाद मेसर्स बंशीधर होटल के निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं सामने आईं। वहां एक्सपायरी सामग्री, प्रतिबंधित औद्योगिक हाइड्रो और अखाद्य रंगों का धड़ल्ले से इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने संचालक पर तत्काल अर्थदंड (जुर्माना) लगाते हुए सख्त चेतावनी दी और मौके पर ही लगभग 7 किलो दूषित लड्डू को जब्त कर नष्ट करवा दिया। साथ ही गुणवत्ता की जांच के लिए गाजा का सैंपल सील कर प्रयोगशाला भेजा गया।

वहीं, मेसर्स प्रजापति होटल में बिना लाइसेंस के कारोबार संचालित होता पाया गया, जिस पर संचालक को जल्द लाइसेंस लेने और कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से एप्रन, ग्लव्स, हेडगियर पहनने व स्वच्छता बरतने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा मेसर्स सोनाली स्वीट्स एंड चाइनीज फूड तथा मेसर्स गुप्ता होटल की भी जांच कर साफ-सफाई और किचन प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करने की हिदायत दी गई। कार्रवाई के क्रम में टीम ने सिवान चाट भंडार का निरीक्षण किया, जहां छोले में प्रतिबंधित अखाद्य रंग का इस्तेमाल किया जा रहा था। टीम ने तैयार छोले को तुरंत नष्ट कराया और खाद्य सामग्री परोसने में पुराने अखबार का उपयोग बंद करने का सख्त आदेश दिया। किराना दुकानों की जांच के तहत मेसर्स नित्या स्टोर और मेसर्स आकाश भंडार का निरीक्षण किया गया, जहां से घी का नमूना जांच हेतु लिया गया। इसके उपरांत मेसर्स मीरा श्याम स्वीट्स एंड डेयरी की जांच की गई, जहां नियमों के उल्लंघन पर जुर्माना लगाया जाएगा और जलेबी का सैंपल लेकर लैब भेजा गया।
अभियान के तहत गुमला शहर में स्थित मेसर्स सुरेश कैटरिंग का भी सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में संचालक को पूरे परिसर और बर्तनों की समुचित साफ-सफाई रखने तथा खाना बनाने व परोसने वाले कर्मचारियों के लिए एप्रन, ग्लव्स और हेडगियर का अनिवार्य रूप से उपयोग करने का कड़ा निर्देश दिया गया। साथ ही वहां तैयार लड्डू की शुद्धता और गुणवत्ता जांचने के लिए उसका सैंपल विधिवत सील कर जांच हेतु राज्य खाद्य जाँच प्रयोगशाला भेजा गया।

खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए स्पष्ट किया है कि गुमला जिले के प्रत्येक छोटे-बड़े दुकानदार, होटल संचालक, रेस्टोरेंट, ढाबा और ठेला-खोमचा लगाने वाले सभी व्यवसायी अविलंब अपना FSSAI रजिस्ट्रेशन या फूड लाइसेंस बनवा लें। बिना वैध लाइसेंस या पंजीकरण के खाद्य सामग्री बेचते पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS ACT) के तहत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, भारी जुर्माना लगाया जाएगा और दुकानों को सीधे सील कर दिया जाएगा। अधिकारियों ने यह भी साफ कर दिया कि यह जांच अभियान केवल त्योहारों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आने वाले दिनों में भी पूरे जिले में लगातार जारी रहेगा।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading