18.1 C
Ranchi
Thursday, November 5, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला में तीन दिवसीय पलाश दीपावली मेले का शुभारंभ, महिला समूहों के...

गुमला में तीन दिवसीय पलाश दीपावली मेले का शुभारंभ, महिला समूहों के उत्पादों को मिला बाजार

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

13 से अधिक स्टॉलों पर अचार, पापड़, रागी के लड्डू, ठेकुआ और जैविक उत्पाद उपलब्ध; उपायुक्त ने जिलेवासियों से स्थानीय सामान खरीदने की अपील की

गुमला: दीपावली के मौके पर ग्रामीण महिलाओं की मेहनत से तैयार स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुमला में तीन दिवसीय पलाश दीपावली मेले की शुरुआत हुई। गुरुवार को कन्या मध्य विद्यालय, टंगरा, जशपुर रोड में उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। जेएसएलपीएस की ओर से आयोजित यह मेला 5 से 7 नवंबर तक चलेगा।

मेले में जिले के विभिन्न महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से 13 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। यहां महिलाओं द्वारा तैयार पारंपरिक, जैविक और स्वास्थ्यवर्धक खाद्य सामग्रियों के साथ घरेलू उपयोग एवं सजावट से जुड़े उत्पाद बिक्री के लिए उपलब्ध हैं।

रागी के लड्डू से ठेकुआ तक, स्थानीय उत्पादों की रौनक

मेले में दीपावली के पारंपरिक व्यंजनों और सजावटी सामानों की खास रौनक है। महिला समूहों के स्टॉल पर अचार, बड़ी, पापड़, रागी के लड्डू, नमकीन और ठेकुआ के साथ रागी से बने अन्य पौष्टिक खाद्य पदार्थ तथा मक्के के स्नैक्स उपलब्ध हैं। इसके अलावा झाड़ू, हर्बल उत्पाद, घरेलू सजावटी सामग्री, दीपक और स्वास्थ्य संबंधी उपयोग के उत्पाद भी आकर्षण का केंद्र हैं।

उद्घाटन के बाद उपायुक्त ने सभी स्टॉलों का निरीक्षण किया और महिला समूहों की सदस्यों से उत्पादों की तैयारी, निर्माण प्रक्रिया और बिक्री की संभावनाओं की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय स्तर पर तैयार जैविक और मिलावट रहित उत्पाद ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करते हैं।

स्थानीय उत्पाद खरीदकर महिला उद्यमियों को दें बढ़ावा

उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचें और महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की खरीदारी करें। उन्होंने कहा कि इस दीपावली परिवार और परिचितों के बीच स्थानीय एवं जैविक खाद्य सामग्रियों को प्राथमिकता दें। इससे महिला उद्यमियों की आमदनी बढ़ेगी और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजनों का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन और बिक्री के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है, ताकि उनके परिश्रम से तैयार सामान को उचित बाजार मिल सके। जिला प्रशासन महिला उद्यमिता को बढ़ावा देने और उत्पादों के विपणन में सहयोग के लिए प्रतिबद्ध है।

कार्यक्रम में सदर अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश कुमार, जेएसएलपीएस के जिला कार्यक्रम प्रबंधक शैलेन्द्र कुमार जारीका सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments