गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
पटेल चौक से टावर चौक तक जाम का स्थायी समाधान तलाश रहा प्रशासन, सड़क पर बसें रोककर सवारी बैठाने और अतिक्रमण करने वालों पर होगी कार्रवाई
गुमला: जिला मुख्यालय में आए दिन लगने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाने के लिए प्रशासन ने यातायात व्यवस्था में बदलाव की तैयारी शुरू कर दी है। पटेल चौक से टावर चौक तक जाम की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें वन-वे व्यवस्था लागू करने, नए बस स्टैंड के लिए जगह तलाशने, अतिक्रमण हटाने और यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने जैसे मुद्दों पर चर्चा की गई।
उपायुक्त दिलेश्वर महतो के निर्देश पर आयोजित इस बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नगर परिषद के कार्यपालक प्रशासक और बस एसोसिएशन के प्रतिनिधि शामिल हुए। शहर में बसों के परिचालन को व्यवस्थित करने के लिए बस एसोसिएशन से सुझाव लिए गए। इन सुझावों को सूचीबद्ध कर अंतिम निर्णय के लिए उपायुक्त के समक्ष रखा जाएगा।
सड़क पर बस रोककर सवारी बैठाने पर रोक
बैठक में बसों के मनमाने परिचालन पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया। बस स्टैंड से निकलने के बाद शहर के भीतर अलग-अलग जगहों पर बस रोककर सवारी बैठाने की अनुमति नहीं होगी। प्रशासन का मानना है कि इससे मुख्य सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करने में मदद मिलेगी।
इसके साथ ही नए बस स्टैंड के लिए उपयुक्त स्थान चयन की प्रक्रिया जारी है। नया बस स्टैंड बनने से शहर के मुख्य मार्गों पर बसों की आवाजाही कम होने और जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।
वन-वे और ट्रैफिक लाइट की संभावनाओं पर चर्चा
शहर के प्रमुख मार्गों पर यातायात को सुचारू बनाने के लिए वन-वे व्यवस्था लागू करने और प्रमुख चौक-चौराहों पर ट्रैफिक लाइट लगाने की संभावनाओं पर भी विचार किया गया। टावर चौक पर वाहनों और अनावश्यक भीड़ का दबाव कम करने के लिए न्यूनतम आवागमन की रणनीति अपनाने पर चर्चा हुई।
नो वेंडिंग जोन में अतिक्रमण पर कार्रवाई
प्रशासन ने शहर में पहले से घोषित नो वेंडिंग जोन का सख्ती से पालन कराने की बात कही है। यातायात बाधित करने वाले ठेले और खोमचे वालों को सड़क से हटाया जा रहा है। वहीं, पटेल चौक और टावर चौक के आसपास अतिक्रमण हटाने तथा जाम की समस्या के समाधान के लिए जल्द ही संयुक्त जांच अभियान चलाया जाएगा।
भारी वाहनों के प्रवेश को नियंत्रित करने के लिए नो-एंट्री के निर्धारित समय का पालन कराने का निर्देश दिया गया है। बाजार-हाट के दिनों में बढ़ने वाले जाम को देखते हुए ऑटो और अन्य वाहनों के खड़े होने के लिए स्थान भी चिह्नित किए गए हैं।
पुलिस और परिवहन विभाग चलाएंगे संयुक्त अभियान
बैठक में तय दिशा-निर्देशों को जमीन पर लागू कराने के लिए पुलिस और परिवहन विभाग जल्द ही संयुक्त प्रवर्तन अभियान चलाएंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यातायात व्यवस्था में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फिलहाल वन-वे व्यवस्था, नए बस स्टैंड और अन्य विकल्पों पर मंथन जारी है। इन फैसलों के लागू होने से पटेल चौक, टावर चौक और शहर के अन्य प्रमुख मार्गों पर जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।







