20.1 C
Ranchi
Tuesday, November 10, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaनिशा उरांव की मौत के विरोध में बंद के ऐलान के बाद...

निशा उरांव की मौत के विरोध में बंद के ऐलान के बाद बदली जनजातीय गौरव दिवस की तारीख, अब 23 नवंबर को घाघरा में होगा आयोजन

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग ने 18 नवंबर की जगह 23 नवंबर की तारीख की निर्धारित, आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा के निर्देश पर लिया गया फैसला; कार्यक्रम स्थल और अन्य व्यवस्थाएं पहले जैसी रहेंगी

गुमला। जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम की तिथि में बदलाव किया गया है। अब यह कार्यक्रम 18 नवंबर 2026 के बजाय 23 नवंबर को गुमला जिले के घाघरा प्रखंड मुख्यालय में आयोजित होगा। राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति आयोग (NCST), भारत सरकार की ओर से यह निर्णय लिया गया है। आयोग की सदस्य डॉ. आशा लकड़ा के निर्देशानुसार कार्यक्रम की तारीख बदली गई है।

दरअसल, जनजातीय समाज की बेटी स्वर्गीय निशा उरांव के निधन के विरोध में भारतीय जनता पार्टी ने 18 नवंबर को गुमला जिले सहित पूरे छोटानागपुर प्रमंडल में बंद का आह्वान किया है। इसी परिस्थिति को देखते हुए आयोग ने कार्यक्रम की तिथि में बदलाव करने का निर्णय लिया है, ताकि आयोजन में किसी तरह की बाधा नहीं आए।

आयोग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि कार्यक्रम की केवल तारीख बदली गई है। आयोजन का स्थान, स्वरूप और अन्य सभी व्यवस्थाएं पहले की तरह ही रहेंगी। अब 23 नवंबर, सोमवार को घाघरा स्थित एसएस प्लस-2 उच्च विद्यालय मैदान में जनजातीय गौरव दिवस का भव्य आयोजन होगा।

आयोग ने संबंधित पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, जनजातीय सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों से संशोधित तिथि को ध्यान में रखने की अपील की है। साथ ही बताया है कि कार्यक्रम की अन्य तैयारियां पूर्व निर्धारित योजना के अनुसार जारी रहेंगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments