20.1 C
Ranchi
Tuesday, November 10, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला में जन शिकायत निवारण दिवस, किसी ने मांगा आवास तो किसी...

गुमला में जन शिकायत निवारण दिवस, किसी ने मांगा आवास तो किसी ने इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर; DC ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने सुनीं आम लोगों की समस्याएं, जमीन विवाद, आपदा मुआवजा, दिव्यांग छात्रा की पढ़ाई और बुजुर्ग के भरण-पोषण से जुड़े मामले भी पहुंचे

गुमला। आम लोगों की समस्याओं के समाधान और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से गुमला समाहरणालय में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के अलग-अलग प्रखंडों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। किसी ने जमीन की जमाबंदी दुरुस्त कराने की मांग की तो किसी ने आवास और आपदा मुआवजे के लिए आवेदन दिया। वहीं, दिव्यांगों ने व्हीलचेयर और ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। उपायुक्त ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जमीन की जमाबंदी से लेकर आवास और मुआवजे की मांग

जन शिकायत निवारण दिवस में सिसई प्रखंड के सुरसा गांव निवासी रामावतार सिंह ने मौजा अरको की खाता संख्या 145 की जमीन से संबंधित बिना प्राधिकार दर्ज जमाबंदी को निरस्त करने और आरएस खतियान के आधार पर वास्तविक हकदार के नाम ऑनलाइन रजिस्टर-2 में प्रविष्टि कराने का अनुरोध किया। वहीं, बिशुनपुर प्रखंड के नरमा गांव निवासी चामा उरांव ने बरसात में कच्चा मकान ध्वस्त होने के बाद आवास की समस्या को देखते हुए अंबेडकर आवास योजना के तहत घर उपलब्ध कराने की मांग की।

घाघरा प्रखंड के हापामुनी गांव निवासी सोमरा उरांव ने करीब दो साल पहले प्राकृतिक आपदा के दौरान पेड़ गिरने से अपने बेटे की मौत के बाद अब तक देय आपदा राहत और मुआवजा राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

दिव्यांग छात्रा ने मांगी बैटरी वाली ट्राइसाइकिल

सिसई प्रखंड के दारी अंबाटोली की रहने वाली विनिता कुमारी, जो वर्तमान में कक्षा आठ की दिव्यांग छात्रा हैं, ने आगे की पढ़ाई जारी रखने के लिए बैटरी चालित ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि विद्यालय आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। वहीं, गुमला के नागफेनी निवासी नारायण साहु ने दिव्यांगता के कारण आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए इलेक्ट्रिक व्हीलचेयर और दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने का अनुरोध किया।

बुजुर्ग ने बेटों के खिलाफ लगाई गुहार

गुमला के शास्त्री नगर निवासी नूतन देवी ने भूमि निबंधन के लिए ऑनलाइन जमा किए गए ई-स्टाम्प और निबंधन शुल्क की राशि नियमानुसार कटौती के बाद वापस कराने की मांग की। वहीं, फसिया पंचायत के लक्ष्मण नगर निवासी श्याम नन्दन ठाकुर ने अपने दो बेटों पर भरण-पोषण नहीं करने और दुर्व्यवहार करने का आरोप लगाया। उन्होंने वरिष्ठ नागरिक एवं माता-पिता भरण-पोषण अधिनियम के तहत मासिक भरण-पोषण राशि दिलाने अथवा पैतृक मकान खाली कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

स्कूल में चोरी हुए सामान और सुरक्षा का भी उठा मामला

सिसई प्रखंड के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय दारी की विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष महादेव गोप ने स्कूल में चोरी हुए मध्याह्न भोजन बनाने के बर्तन, उपकरण और गैस सिलेंडर की दोबारा व्यवस्था कराने की मांग की। साथ ही विद्यालय परिसर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाने का अनुरोध किया।

उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने सभी आवेदनों के निष्पादन को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से मामलों की गंभीरता के अनुसार जांच करने और पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ नियमानुसार उपलब्ध कराने को कहा। उपायुक्त ने कहा कि जन शिकायत निवारण दिवस का उद्देश्य आम लोगों की समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करना है। सभी अधिकारी संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ शिकायतों पर कार्रवाई करें तथा निर्धारित प्रक्रिया के तहत उनका निष्पादन सुनिश्चित करें। जिला प्रशासन ने आम लोगों को पारदर्शी और जवाबदेह प्रशासनिक व्यवस्था उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments