20.1 C
Ranchi
Tuesday, November 10, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaजिले में पर्यटन स्थलों के विकास एवं खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने...

जिले में पर्यटन स्थलों के विकास एवं खेल अवसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में उपायुक्त ने की समीक्षा, लंबित योजनाओं में तेजी लाने का निर्देश

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला : – गुमला जिले में पर्यटन स्थलों के विकास एवं खेल अवसंरचना को बेहतर बनाने के उद्देश्य से समाहरणालय में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के अधिसूचित पर्यटन स्थलों के विकास, सौंदर्यीकरण, पहुंच पथ निर्माण तथा विभिन्न खेल मैदानों एवं स्टेडियमों के निर्माण और जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में आँजन धाम, टाँगीनाथ धाम, कतरी एवं हिरादाह डैम, रॉक गार्डन, सदनी घाघ, नवरत्न गढ़ किला सहित अन्य पर्यटन स्थलों के विकास कार्यों की जानकारी ली गई। संबंधित पदाधिकारियों को लंबित योजनाओं का प्राक्कलन शीघ्र तैयार कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया गया।

वहीं, खेल अवसंरचना की समीक्षा के दौरान बताया गया कि बसिया इंडोर स्टेडियम में वॉलीबॉल कोर्ट का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा रायडीह के बख्तर साय स्टेडियम का विकास कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। इसके अतिरिक्त स्वामी विवेकानंद स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सिंथेटिक हॉकी फील्ड निर्माण एवं अन्य खेल मैदानों के विकास कार्यों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में अधिकारियों को सभी योजनाओं में तेजी लाते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया, ताकि जिले के पर्यटन स्थलों पर बेहतर सुविधाएं विकसित होने के साथ-साथ स्थानीय खेल प्रतिभाओं को भी बेहतर संसाधन उपलब्ध हो सकें।

बैठक में उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments