रांची: लाख कोशिशों के बावजूद साइबर अपराधियों की कारस्तानियों को रोकना पुलिस-प्रशासन के लिए चुनौती बनी हुई है. साइबर क्राइम के लिए कुख्यात जामताड़ा जिले से निकलकर राज्य के कई जिलों को अपने आगोश में ले लिया है. राजधानी रांची में साइबर अपराधियों ने एक बार फिर लोगों को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की ठगी को अंजाम दिया है। मोबाइल हैकिंग और फर्जी लिंक के जरिए साइबर ठगों ने चार लोगों के बैंक खातों से कुल 14 लाख 87 हजार 266 रुपये की अवैध निकासी कर ली। सबसे बड़ी ठगी नामकुम के एक 68 वर्षीय बुजुर्ग के साथ हुई, जिनके खाते से अपराधियों ने महज दो ट्रांजेक्शन में 7.45 लाख रुपये उड़ा लिए। सभी पीड़ितों ने साइबर क्राइम थाना और हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है।
मोबाइल हैक कर खाते से उड़ाए 99 हजार रुपये
अरगोड़ा थाना क्षेत्र के पंचम नगर निवासी सुबोध कुमार का मोबाइल नंबर हैक कर साइबर अपराधियों ने बैंक ऑफ इंडिया की हरमू शाखा स्थित उनके खाते से चार बार में 99 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित का मोबाइल करीब दो घंटे तक बंद रहा। मोबाइल चालू होने पर उन्हें खाते से पैसे निकाले जाने की जानकारी मिली।
68 वर्षीय बुजुर्ग को 7.45 लाख का चूना
नामकुम के अमेठिया नगर निवासी 68 वर्षीय जय किशोर शर्मा साइबर ठगी का शिकार हो गए। उनके उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक खाते से छह नवंबर की रात दो ट्रांजेक्शन में 7.45 लाख रुपये निकाल लिए गए। पहले 2.50 लाख और फिर 4.95 लाख रुपये की निकासी की गई। मैसेज मिलने के बाद उन्होंने बैंक से संपर्क कर खाता फ्रीज कराने की कार्रवाई की और 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।
फर्जी लिंक पर क्लिक करना युवती को पड़ा महंगा
सिकिदिरी थाना क्षेत्र के जयडीहा कुसुमटोली निवासी 21 वर्षीय निरासो कुमारी के दो बैंक खातों से 2 लाख 48 हजार 500 रुपये की निकासी कर ली गई। छह अक्टूबर को मोबाइल पर आए एक लिंक पर क्लिक करने के बाद अगले दिन उनका मोबाइल बंद हो गया। जांच कराने पर साइबर ठगी का खुलासा हुआ। एक खाते से 77 हजार और दूसरे खाते से 1 लाख 71 हजार 500 रुपये निकाल लिए गए।
विजय तिर्की के खाते से 4.14 लाख रुपये गायब
कोकर के डेला टोली, जेवियर नगर निवासी विजय तिर्की के केनरा बैंक खाते से नौ नवंबर को दो ट्रांजेक्शन में 4 लाख 14 हजार 766 रुपये निकाल लिए गए। पहली बार 2 लाख 67 हजार 766 और दूसरी बार 1 लाख 47 हजार रुपये की निकासी हुई। पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन 1930 और साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
साइबर ठगी से बचने के लिए रहें सतर्क
साइबर अपराधियों से बचने के लिए किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। मोबाइल में अज्ञात ऐप डाउनलोड करने से बचें। बैंकिंग से जुड़ा ओटीपी, एटीएम पिन, सीवीवी और यूपीआई पिन किसी के साथ साझा न करें। मोबाइल नेटवर्क अचानक बंद होने पर तत्काल मोबाइल ऑपरेटर और बैंक से संपर्क करें। खाते से संदिग्ध लेनदेन की जानकारी मिलते ही तुरंत बैंक को सूचित करें और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं।







