नई दिल्ली: नोटबंदी के दस साल बाद भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के आंकड़े बताते हैं कि इससे चलन में नकदी कम करने का लक्ष्य पूरा नहीं हुआ. देश की अर्थव्यवस्था में नकदी का इस्तेमाल अब भी नोटबंदी से पहले के स्तर पर है. वहीं, नए 500 रुपये के नकली नोटों की पहचान के मामलों में भी बढ़ोतरी हुई है. दूसरी ओर, डिजिटल भुगतान का माध्यम यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) लगातार बढ़ा है.
द हिंदू की एक रिपोर्ट के मुताबिक, 2015-16 में देश की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के मुकाबले लोगों के पास मौजूद नकदी का हिस्सा 11.9 फीसदी था. 31 मार्च 2026 तक यह बढ़कर 12.1 फीसदी हो गया. यानी नोटबंदी के बाद इसमें कोई खास कमी नहीं आई.
इसके उलट, जीडीपी के मुकाबले यूपीआई लेनदेन का मूल्य 2016-17 में शून्य था, जो 2025-26 में बढ़कर करीब 91 फीसदी हो गया.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 नवंबर 2016 को नोटबंदी की घोषणा करते हुए कहा था कि चलन में ज्यादा नकदी का सीधा संबंध भ्रष्टाचार से है. उन्होंने यह भी कहा था कि इससे हवाला कारोबार, काले धन और हथियारों के अवैध व्यापार को बढ़ावा मिलता है. नोटबंदी के प्रमुख उद्देश्यों में देश को नकदी के कम इस्तेमाल वाली अर्थव्यवस्था बनाना भी शामिल था. हालांकि, आरबीआई के आंकड़े बताते हैं कि यह लक्ष्य अब तक पूरा नहीं हुआ है.
नए 500 रुपये के नकली नोटों की पहचान बढ़ी
नोटबंदी का एक और उद्देश्य नकली नोटों पर रोक लगाना था. इसके लिए सरकार ने 500 और 2,000 रुपये के नए नोट जारी किए थे. दावा था कि इन नोटों की नकल करना मुश्किल होगा. लेकिन आरबीआई के आंकड़े नए 500 रुपये के नोटों को लेकर इस दावे पर सवाल खड़े करते हैं.
आरबीआई के मुताबिक, 2015-16 में चलन में मौजूद हर एक करोड़ नोटों पर 70.1 नकली नोटों की पहचान हुई थी. 2025-26 में यह संख्या घटकर 13.4 रह गई. यानी सभी मूल्यवर्ग के नोटों को मिलाकर नकली नोटों की पहचान में कमी आई है.
लेकिन नए 500 रुपये के नोटों की तस्वीर अलग है. 2016-17 में इन नोटों के जारी होने के समय हर एक करोड़ नोटों पर 0.3 नकली नोटों की पहचान हुई थी. 2025-26 में यह आंकड़ा बढ़कर 20.1 हो गया.
2,000 रुपये के नोटों के मामले में सीधी तुलना करना मुश्किल है. आरबीआई ने 2023 में इन नोटों को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू की थी. आंकड़ों के मुताबिक, इस प्रक्रिया के शुरू होने के बाद 2,000 रुपये के नकली नोटों की पहचान के मामले भी तेजी से बढ़े.
हालांकि, नकली नोटों की पहचान बढ़ने के दो कारण हो सकते हैं. पहला, बाजार में नकली नोटों की संख्या बढ़ी हो. दूसरा, उनकी पहचान करने की व्यवस्था बेहतर हुई हो. आरबीआई के आंकड़ों से यह स्पष्ट नहीं होता कि इनमें से किस वजह से यह बढ़ोतरी हुई है.
कांग्रेस ने नोटबंदी को बताया आर्थिक तबाही
नोटबंदी के दस साल पूरे होने पर कांग्रेस ने भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा है. पार्टी ने कहा कि नोटबंदी ने अर्थव्यवस्था को तबाह किया, जबकि ‘वोटबंदी’ देश की राजनीति को नुकसान पहुंचा रही है. कांग्रेस ने इन दोनों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देन बताया.
कांग्रेस महासचिव और संचार प्रभारी जयराम रमेश ने सोशल मीडिया पर एक मीडिया रिपोर्ट का स्क्रीनशॉट साझा किया. इस रिपोर्ट में नोटबंदी को 2016 में एक बड़ी नाकामी और दस साल बाद भी असफल बताया गया था.
रमेश ने लिखा, ‘नोटबंदी ने अर्थव्यवस्था को तबाह कर दिया. वोटबंदी देश की राजनीति को बर्बाद कर रही है. ये दोनों प्रधानमंत्री की देन हैं.’
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने 8 नवंबर 2016 को देश के नाम संबोधन में 500 और 1,000 रुपये के पुराने नोट बंद करने की घोषणा की थी. कांग्रेस हर साल नोटबंदी की बरसी पर इस फैसले की आलोचना करती रही है. पार्टी इसे अर्थव्यवस्था के लिए एक बड़ा झटका और विनाशकारी फैसला बताती रही है. कांग्रेस का कहना है कि सरकार ने नोटबंदी के लिए जो अलग-अलग उद्देश्य बताए थे, उनमें से कोई भी पूरा नहीं हुआ.







