20.1 C
Ranchi
Saturday, November 7, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaपटाखा-मुक्त दीपावली का संदेश लेकर निकली जागरूकता रैली, रंगोली से दिया पर्यावरण...

पटाखा-मुक्त दीपावली का संदेश लेकर निकली जागरूकता रैली, रंगोली से दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश

न्यूज – कहकशां फारूकी 

गोमिया__पर्यावरण संरक्षण और प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने के संकल्प के साथ पिट्स मॉडर्न स्कूल, गोमिया में दो दिवसीय हरित दीपावली अभियान 2026 का आयोजन किया गया। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के निर्देश तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा समर्थित इस राष्ट्रव्यापी पहल के तहत विद्यार्थियों ने शपथ, जागरूकता रैली और रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से लोगों को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल दीपावली मनाने का संदेश दिया।
शुक्रवार, 6 नवंबर को विद्यालय की प्रार्थना सभा में कक्षा 11वीं की छात्रा प्रिया कुमारी ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को पटाखा-मुक्त और प्रदूषण रहित दीपावली मनाने की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने पर्यावरण संरक्षण, वायु प्रदूषण में कमी लाने और सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाने का संकल्प लिया। इसके बाद कक्षा आठवीं के विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकाली। विद्यालय के प्राचार्य ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली विद्यालय परिसर के मुख्य द्वार से आईईएल गेट तक निकाली गई, जिसमें विद्यार्थियों ने स्थानीय लोगों को पटाखों से होने वाले प्रदूषण और पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया।
वहीं, शनिवार, 7 नवंबर को कक्षा छह से आठवीं तक के विद्यार्थियों के बीच अंतरसदनीय रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसमें सभी सदनों के चार-चार विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने रंगीन चावल, पत्तियों और फूलों की पंखुड़ियों जैसी प्राकृतिक एवं रसायन मुक्त सामग्रियों से आकर्षक रंगोलियां बनाकर हरित दीपावली का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री बृज मोहन लाल दास ने कहा कि हरित दीपावली केवल पटाखों से दूरी बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अपने स्वास्थ्य, पर्यावरण और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की रक्षा करने का संकल्प है। शपथ, रैली और रंगोली जैसी गतिविधियों से विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
गोमिया स्कूल सोसाइटी के उपाध्यक्ष श्री अरिंदम दासगुप्ता ने अभियान की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन बच्चों को जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं, आईईपीएल (ओरिका), गोमिया के एमसीएम श्री अभिषेक बिस्वास ने कहा कि छोटे-छोटे जिम्मेदार कदम भी पर्यावरण संरक्षण में बड़ा योगदान दे सकते हैं।
दो दिवसीय अभियान का समापन विद्यार्थियों के उत्साह और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ हुआ। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय परिवार ने समाज को यह संदेश दिया कि दीपावली की खुशियां पटाखों के शोर और प्रदूषण से नहीं, बल्कि स्वच्छ वातावरण, सुरक्षित उत्सव और प्रकृति के संरक्षण से और भी रोशन हो सकती हैं।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments