गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
गुमला : – गुमला जिला मुख्यालय में दीपावली, लक्ष्मी पूजा, काली पूजा और लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को देखते हुए आम जनता की सेहत से खिलवाड़ रोकने वाले और खाद्य पदार्थ विक्रेताओं पर गुमला जिला प्रशासन और खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटखोरों के खिलाफ सघन अभियान लगातार जारी है।
इसी क्रम में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी आशा राज, कुमार प्रभाकर और रिज़्ज्वल पाण्डेय के द्वारा शहरी क्षेत्रों के विभिन्न प्रतिष्ठानों, दुकानों और होटलों में औचक छापेमारी की गई। प्रशासन की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से बाजार के व्यवसायियों में हड़कंप मच गया एवं अखाद्य रंग से बने चटनी को तत्काल नष्ट कराया गया।
जांच के दौरान टीम ने मेसर्स जितेंद्र होटल में चटनी में अखाद्य रंग के कारण तत्काल नष्ट कराया गया, मेसर्स आरोग्य अमृतुल्य में बिना समुचित लेबलिंग का बिस्कुट पाया गया तथा साथ ही मेसर्स सलोनी स्वीट्स में गंदगी पाए जाने पर सुधार नोटिस किया गया है।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों ने कड़े शब्दों में चेतावनी दी है कि त्योहारों के इस पावन अवसर पर आम जनता को बासी, असुरक्षित या एक्सपायरी सामग्री बेचने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। सभी दुकानदारों और होटल संचालकों को सख्त निर्देश दिया गया है कि वे किसी भी प्रकार का एक्सपायरी सामान तुरंत हटा लें, प्रतिष्ठान में उच्च स्तरीय स्वच्छता बनाए रखें और अनिवार्य रूप से FSSAI लाइसेंस के तहत ही कारोबार करें। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सीधे प्राथमिकी दर्ज कर दुकान सील करने की सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने यह भी स्पष्ट किया कि यह सघन जांच अभियान बिशुनपुर सहित पूरे जिले में आगे भी लगातार जारी रहेगा।







