गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
तीन पदक जीतकर जिले का बढ़ाया मान, उपायुक्त ने खिलाड़ियों को अधिकाधिक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए किया प्रेरित
गुमला : – गुमला जिला के खिलाड़ियों ने योनेक्स-सनराइज झारखंड राज्य सब-जूनियर बैडमिंटन चैंपियनशिप में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीन पदक हासिल करने वाले गुमला आवासीय बैडमिंटन प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया। इस उपलब्धि के माध्यम से जिले के युवा खिलाड़ियों ने राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा, मेहनत और समर्पण का परिचय देते हुए गुमला का गौरव बढ़ाया है।
इस अवसर पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी महेश्वर महतो, जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार एवं जिला ओलंपिक संघ के अध्यक्ष रॉबर्ट टोप्पो ने खिलाड़ियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
उपायुक्त ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि खेल के क्षेत्र में सफलता निरंतर अभ्यास, अनुशासन और दृढ़ संकल्प का परिणाम होती है। उन्होंने खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा को और निखारने, अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में भाग लेने तथा बेहतर मैच अनुभव प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन जिले में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने एवं उन्हें आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
वहीं, जिला खेल पदाधिकारी ने खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास, अनुशासन एवं निरंतर मेहनत को उनकी सफलता का आधार बताया। उन्होंने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले प्रशिक्षक सौरव कुमार को भी बधाई दी।
इस दौरान खेल प्रेमी मो. तबरेज ने भी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विश्वविद्यालय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मो. अयान तथा स्कूल गेम्स एवं नेशनल ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले रैनहित कुमार एवं रौनक राज को भी सम्मानित किया।
प्रशिक्षण केंद्र के खिलाड़ियों की प्रमुख उपलब्धियां इस प्रकार हैं
– कुबेर दास एवं अनुराग साहू: अंडर-15 युगल वर्ग में फाइनलिस्ट तथा अंडर-14 युगल वर्ग में उपविजेता रहे।
– रोशन राज मारांडी: मिश्रित युगल वर्ग में उपविजेता रहे।
– रैनहित कुमार एवं रौनक राज: गोपीचंद अकादमी, रांची एवं गिरिडीह के मजबूत खिलाड़ियों के विरुद्ध शानदार प्रदर्शन करते हुए महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।
उल्लेखनीय है कि इन उपलब्धियों के पीछे प्रशिक्षण केंद्र के कोच सौरव कुमार का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके मार्गदर्शन में खिलाड़ी नियमित रूप से अभ्यास कर अपनी खेल क्षमता को बेहतर बना रहे हैं। खिलाड़ियों की मेहनत और प्रशिक्षक के समर्पित प्रयासों से गुमला की बैडमिंटन प्रतिभाएं राज्य स्तर पर अपनी पहचान स्थापित कर रही हैं।
जिला प्रशासन ने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करने के लिए शुभकामनाएं दीं।







