गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
त्योहारों की खुशियां अपनों के साथ बांटने का दिया संदेश, बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक के बीच पहुंचकर उपायुक्त ने साझा किए स्नेह और आत्मीयता के पल
गुमला : – दीपावली केवल दीपों का पर्व नहीं, बल्कि खुशियां बांटने, अपनों के साथ समय बिताने और समाज में प्रेम, अपनत्व एवं संवेदनशीलता का प्रकाश फैलाने का भी पर्व है। इसी भावना के साथ आज उपायुक्त, गुमला दिलेश्वर महतो ने जिले के नारी निकेतन, वृद्धाश्रम, मूक-बधिर विद्यालय एवं बालिका गृह पहुंचकर वहां रह रही महिलाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों के साथ दीपावली का पर्व मनाया।
इस दौरान उपायुक्त ने सभी से आत्मीय मुलाकात की और उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा कीं। वृद्धाश्रम में उपायुक्त ने सभी वृद्धजनों के साथ केक काटकर दीपावली का उत्सव मनाया। उन्होंने बुजुर्गों को मिठाई भेंट की तथा दीपावली एवं आगामी छठ महापर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर बुजुर्गों के चेहरे पर मुस्कान और उत्साह देखने को मिला। उपायुक्त ने उनसे बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना और उनके साथ कुछ आत्मीय पल बिताए।
वहीं मूक-बधिर विद्यालय पहुंचकर उपायुक्त ने बच्चों से मुलाकात की। उन्होंने बच्चों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए मिठाइयां वितरित कीं। साथ ही विद्यालय के केयरटेकर एवं कर्मियों को भी पर्व की बधाई दी और बच्चों की देखभाल एवं उनके प्रति समर्पित प्रयासों की सराहना की।
इसके अतिरिक्त नारी निकेतन एवं बालिका गृह में भी उपायुक्त ने महिलाओं एवं बच्चियों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने सभी से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और मिठाई भेंट कर त्योहार की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि त्योहारों की वास्तविक खुशी तभी सार्थक होती है, जब हम अपनी खुशियों में समाज के हर वर्ग को शामिल करें। हमारे समाज के बच्चे, महिलाएं एवं बुजुर्ग विशेष स्नेह, सम्मान और अपनत्व के हकदार हैं। उनके बीच पहुंचकर त्योहार मनाना केवल एक औपचारिकता नहीं, बल्कि सामाजिक संवेदनशीलता और मानवीय जुड़ाव का प्रतीक है। उन्होंने सभी के सुखमय, स्वस्थ एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए दीपावली एवं आगामी छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उपायुक्त की इस पहल से संस्थानों में रह रहे बच्चों, महिलाओं एवं बुजुर्गों के बीच त्योहार को लेकर विशेष उत्साह और खुशी देखने को मिली। उनके साथ बिताए गए ये आत्मीय पल दीपावली के संदेश प्रेम, सद्भाव, करुणा और खुशियां बांटने की भावना को सार्थक करते नजर आए।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता, गुमला राजीव नीरज, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी आरती कुमारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।







