32.1 C
Ranchi
Tuesday, March 10, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaशैक्षणिक भ्रमण से छात्रों में उत्साह, ज्ञान और जागरूकता का संचार

शैक्षणिक भ्रमण से छात्रों में उत्साह, ज्ञान और जागरूकता का संचार

गुमला : – गुमला जिला अंतर्गत स्थित सिसई प्रखंड के नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय के छात्रों के लिए झारखंड शिक्षा परियोजना, गुमला द्वारा गुमला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार एक विशेष शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। जिला परियोजना कार्यालय के कार्यक्रम पदाधिकारी दिलदार सिंह, वार्डन सह शिक्षिका मीना साहू, और लेखापाल सुजीत कुमार झा के नेतृत्व में यह भ्रमण संपन्न हुआ।
इस शैक्षणिक भ्रमण में विद्यालय के सभी छात्रों और शिक्षकों के लिए दो बसों की व्यवस्था की गई थी। इस दौरान छात्रों ने झारखंड विधानसभा, जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम, मोराबादी स्थित साइंस सिटी और ओरमांझी स्थित बिरसा जैविक उद्यान का दौरा किया।
विधानसभा भ्रमण:
छात्रों ने झारखंड विधानसभा का भ्रमण करते हुए विधायकों और मंत्रिमंडल के कार्यों और दायित्वों को समझा। यह अनुभव छात्रों के लिए ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक रहा।
क्रिकेट स्टेडियम यात्रा:
जेएससीए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में महेंद्र सिंह धोनी पवेलियन और अमिताभ चौधरी पवेलियन का दौरा किया गया। स्टेडियम प्रबंधन ने छात्रों का स्वागत किया और उन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के बारे में महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
साइंस सिटी भ्रमण:
मोराबादी स्थित साइंस सिटी में छात्रों ने साइंस म्यूजियम, ओपन एयर साइंस पार्क, तारामंडल और लाइव थ्रीडी शो का आनंद लिया। इस अनुभव ने बच्चों को विज्ञान के महत्व को समझने में मदद की।
बिरसा जैविक उद्यान:
ओरमांझी स्थित बिरसा जैविक उद्यान में छात्रों ने बटरफ्लाई पार्क, शेर, बाघ, मोर, हिरण, मगरमच्छ और अन्य वन्यजीवों को करीब से देखा। बच्चों ने जैविक उद्यान में घूमते हुए अद्भुत आनंद प्राप्त किया।
छात्रों ने इस शैक्षणिक भ्रमण को अपने जीवन का यादगार अनुभव बताते हुए गुमला उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी को धन्यवाद दिया। उन्होंने इसे नववर्ष का एक अद्भुत उपहार बताया, जिससे उन्हें विधायिका, विज्ञान और प्रकृति के महत्व के बारे में जानकारी प्राप्त हुई।
ज्ञात हो कि नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय विद्यालय में अनाथ, एकल अभिभावक वाले, ड्रॉपआउट और चाइल्ड ट्रैफिकिंग से प्रभावित बच्चों को कक्षा 4 से 10 तक शिक्षा प्रदान की जाती है। वर्तमान में विद्यालय में 120 छात्र अध्ययनरत हैं। इस शैक्षणिक भ्रमण में शिक्षकों ने बच्चों को पूर्ण सहयोग प्रदान किया।
न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading