32.1 C
Ranchi
Sunday, March 8, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला में उपायुक्त ने सदर अस्पताल गुमला का किया निरीक्षण

गुमला में उपायुक्त ने सदर अस्पताल गुमला का किया निरीक्षण

गुमला : – गुमला जिला मुख्यालय स्थित गुमला सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने के उद्देश्य से उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी गुमला प्रेरणा दीक्षित द्वारा सदर अस्पताल गुमला का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ओपीडी (OPD), मैटरनिटी वार्ड, ऑपरेशन थिएटर (OT), MTC सेंटर, जनरल वार्ड, फार्मेसी कक्ष समेत अस्पताल के विभिन्न कक्षों एवं संपूर्ण व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।

निरीक्षण के उपरांत उपायुक्त गुमला ने कहा कि सदर अस्पताल अंतर्गत कार्यों का संचालन व्यवस्थित रूप से किया जा रहा है, तथापि जिन बिंदुओं पर सुधार की आवश्यकता है, उन्हें अविलंब दूर किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल परिसर में स्वास्थ्य व्यवस्था को सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने हेतु ठोस कदम उठाए जाएं।

इस क्रम में उपायुक्त गुमला ने वेटिंग चेयर की संख्या बढ़ाने एवं वेटिंग एरिया के विस्तार का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने अस्पताल परिसर में अनावश्यक रूप से ऑटो वाहनों के प्रवेश एवं ठहराव पर रोक लगाने का निर्देश दिया।

अस्पताल में साफ-सफाई की व्यवस्था को सुदृढ़ करने एवं नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अस्पताल व्यवस्थाओं को और अधिक बेहतर बनाने हेतु एक समग्र एक्शन प्लान तैयार कर प्रस्तुत करने का निर्देश भी संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया।

इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने मॉडल ऑपरेशन थिएटर (Model OT) के निर्माण हेतु शीघ्र प्रस्ताव तैयार कर भेजने की बात कही, जिससे उन्नत स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

निरीक्षण के दौरान परियोजना निदेशक आईटीडीए, उपविकास आयुक्त गुमला, डीएस, डीपीएम स्वास्थ्य, आयुष्मान भारत समन्वयक मोनिका बाला सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।

उपायुक्त गुमला ने अंत में कहा कि जिलेवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दिशा में सभी आवश्यक कदम तत्परता से उठाए जाएंगे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading