27.6 C
Ranchi
Saturday, March 7, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaनीति आयोग के अंतर्गत संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह एवं आकांक्षी हाट का...

नीति आयोग के अंतर्गत संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह एवं आकांक्षी हाट का आयोजन

गुमला: नीति आयोग के मार्गदर्शन में गुमला जिला मुख्यालय स्थित टाउन हॉल में “संपूर्णता अभियान सम्मान समारोह एवं आकांक्षी हाट” का आयोजन शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह कार्यक्रम आकांक्षी जिला और प्रखंड कार्यक्रमों में सतत प्रगति एवं नवाचार के लिए अधिकारियों, कर्मियों और स्थानीय समुदायों को प्रेरित व सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था।
नीति आयोग द्वारा आकांक्षी जिला एवं प्रखंड कार्यक्रमों के लिए कुल 39 इंडिकेटर्स निर्धारित किए गए थे, जिन्हें छह मुख्य क्षेत्रों — स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा, कृषि, वित्तीय समावेशन एवं आधारभूत संरचना — में विभाजित किया गया था। इस सूची में से डुमरी प्रखंड (आकांक्षी प्रखंड) एवं गुमला जिला (आकांक्षी जिला) ने छह में से चार मुख्य इंडिकेटर्स — स्वास्थ्य, पोषण, शिक्षा और कृषि — में शत प्रतिशत  लक्ष्य प्राप्त कर सराहनीय उपलब्धि दर्ज की है। यह उपलब्धि ग्रामीण विकास एवं प्रशासनिक बेहतर कार्यप्रणाली का प्रमाण है।
समारोह में मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष  किरण माला बाड़ा, विशिष्ट अतिथि उप विकास आयुक्त  दिलेश्वर महत्तो सहित अनेक विभागीय पदाधिकारी, कर्मी, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका एवं महिला समूह की सदस्यगण मौजूद रहीं। जिला योजना पदाधिकारी  रमण कुमार ने आकांक्षी जिला एवं प्रखंड कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी साझा की।
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने “आकांक्षी हाट” का उद्घाटन किया, जिसमें स्थानीय उत्पादकता एवं रोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विविध स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों में रागी (मंडुआ) उत्पाद, मांदर एवं बांस कारीगरों की पारंपरिक कारीगरी, परियोजना किशोरी के तहत निर्मित सेनेटरी पैड्स, महिला समूहों द्वारा उत्पादित हस्तशिल्प एवं खाद्य सामग्री, और अन्य घरेलू उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। आकांक्षी हाट ग्रामीण युवाओं और महिलाओं के स्वरोजगार व आत्मनिर्भरता को प्रोत्साहित करने के लिए एक प्रेरणादायक मंच बना। इस अवसर पर विद्यालय के छात्रों ने सोहराई एवं अन्य पारंपरिक पेंटिंग्स का भी प्रदर्शन किया, जिससे स्थानीय संस्कृति की समृद्ध झलक देखने को मिली और उपस्थित अतिथियों ने भरपूर सराहना की।
उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए प्रखंड विकास पदाधिकारी, डुमरी को जिला स्तर पर “आकांक्षी प्रखंड कार्यक्रम” की सफलता हेतु कांस्य पदक से सम्मानित किया गया। वहीं, राज्य स्तर पर गुमला जिले के उपायुक्त को राज्य स्तरीय कार्यक्रम में कांस्य पदक से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने सभी स्टॉलों एवं प्रदर्शनी का अवलोकन कर स्थानीय उत्पादों तथा नवाचार के सराहनीय प्रयासों की पुष्टि की।
जिला परिषद अध्यक्ष  किरण माला बाड़ा ने उपस्थित सभी ग्रामीणों, सेविकाओं एवं कर्मियों का प्रोत्साहन किया एवं सरकार द्वारा चलायी जा रही योजनाओं का लाभ अधिकाधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। उप विकास आयुक्त  दिलेश्वर महत्तो ने सभी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए सरकार की नीतियों के बेहतर क्रियान्वयन पर जोर दिया।
कार्यक्रम के समापन पर प्रशासन की ओर से सभी प्रतिभागियों, विभागों, समूहों व स्कूली बच्चों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया गया एवं जिले के समग्र ग्रामीण विकास व सामाजिक उत्थान के लिए प्रतिबद्धता दोहरायी गई।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading