20.4 C
Ranchi
Sunday, March 8, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगणेशोत्सव की धूम: गुमला में सजे पंडाल, उमड़े श्रद्धालु, गणपति बप्पा मोरया...

गणेशोत्सव की धूम: गुमला में सजे पंडाल, उमड़े श्रद्धालु, गणपति बप्पा मोरया के जयकारे गूँजे

गुमला, 27 अगस्त 2025। गुमला जिले में गणेश चतुर्थी का पर्व उल्लास और आस्था के साथ शुरू हो गया है। सोमवार को पूजा पंडालों के पट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए, जिसके बाद शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। हर उम्र के लोग—बुजुर्ग, महिलाएँ, युवा और बच्चे—सज-धजकर बप्पा के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे।


पूजा पंडालों में सजी रौनक, मेले जैसा माहौल

जिलेभर के गणेश पूजा समितियों ने भव्य और आकर्षक पंडाल सजाए हैं। चंदे की राशि और समितियों की क्षमता के अनुसार विभिन्न स्थानों पर भव्य प्रतिमाएँ स्थापित की गईं। केले के थम्ब, फूल-पत्तियों की सजावट, आकर्षक तोरण द्वार और रंग-बिरंगी विद्युत लाइटिंग से पंडालों का वातावरण मनमोहक दिखाई दिया।

पंडालों के आसपास का नजारा मेले जैसा था। चाट, पानीपुरी, मिठाई और खिलौनों की दुकानों पर भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह बच्चों के लिए गुब्बारे और खिलौने की स्टॉल सजाए गए थे। साथ ही, भक्तों के लिए प्रसाद वितरण की अलग व्यवस्था की गई थी।


देश-विदेश में गणेशोत्सव की धूम

गणेश चतुर्थी को हिंदू धर्मावलंबियों का प्रमुख पर्व माना जाता है। मान्यता है कि भगवान गणेश की पूजा करने से विघ्न-बाधाएँ दूर होती हैं और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। यही कारण है कि भारत ही नहीं, विदेशों में बसे भारतीय समुदाय भी गणपति उत्सव को धूमधाम से मनाते हैं।

विशेषकर महाराष्ट्र और मुंबई में गणेशोत्सव का भव्य नजारा देखने लायक होता है। यहाँ के प्रसिद्ध “लालबाग के राजा” पंडाल में करोड़ों की लागत से भव्य सजावट की जाती है। महाआरती और नगर भ्रमण में लाखों की भीड़ शामिल होती है। भक्तगण “गणपति बप्पा मोरया, अगले वर्ष तू जल्दी आ” के जयकारों के साथ बप्पा को विदाई देते हैं।


श्री गणेश के विविध रूप और महत्व

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गणेश जी को विघ्नहर्ता और सिद्धिदाता कहा जाता है। उनके कई रूपों—जैसे हरिद्रा गणेश, दूर्वा गणेश, शमी गणेश और गोमेद गणेश—की पूजा की जाती है। गणपति का वाहन मूषक (चूहा) माना जाता है। भक्त विश्वास करते हैं कि बप्पा की आराधना से जीवन के सभी संकट दूर होते हैं।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading