26.8 C
Ranchi
Saturday, March 7, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला में शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही है मैट्रिक व इंटर...

गुमला में शांतिपूर्ण ढंग से संचालित हो रही है मैट्रिक व इंटर की बोर्ड परीक्षा

न्यूज – गणपत लाल चौरसिया 

बोर्ड परीक्षा विजय अभियान का असर: गुमला के विद्यार्थियों को मॉक टेस्ट से सीधा लाभ

गुमला : – गुमला जिले में मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संचालित हो रही हैं। प्रशासनिक सतर्कता, विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी तथा “बोर्ड परीक्षा विजय अभियान” के अंतर्गत किए गए विशेष प्रयासों का सकारात्मक प्रभाव परीक्षा केंद्रों पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे रहा है।

उपायुक्त, गुमला प्रेरणा दीक्षित के मार्गदर्शन में पूर्व में दो बार आयोजित कराए गए मॉक टेस्ट एवं मॉडल प्रश्नों के नियमित अभ्यास से विद्यार्थियों को विशेष लाभ मिला है। कई विद्यार्थियों ने बताया कि फाइनल बोर्ड परीक्षा में पूछे जा रहे कुछ प्रश्न मॉक टेस्ट एवं अभ्यास प्रश्नों से मिलते-जुलते हैं, जिससे उन्हें प्रश्नों को हल करने में आत्मविश्वास और सहजता महसूस हो रही है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी ने बताया कि विषयवार उत्कृष्ट एवं अनुभवी शिक्षकों का चयन कर एक कोर कमिटी का गठन किया गया था। इस कमिटी द्वारा जिला स्तर से दो बार मॉक टेस्ट हेतु प्रश्नों का निर्माण किया गया तथा नियमित अभ्यास के लिए भी गुणवत्तापूर्ण प्रश्न तैयार कर विद्यालयों को उपलब्ध कराए गए। इन सुनियोजित प्रयासों का प्रत्यक्ष लाभ अब बोर्ड परीक्षा में विद्यार्थियों को मिल रहा है।

डीईओ ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि शेष बचे विषयों की अंतिम समय की तैयारी में मॉक टेस्ट एवं मॉडल प्रश्नों का अवश्य पुनरावलोकन करें, ताकि परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने बताया कि “बोर्ड परीक्षा विजय अभियान” के अंतर्गत किए गए विभिन्न शैक्षणिक हस्तक्षेप, रिमेडियल कक्षाएं, व्यक्तिगत मार्गदर्शन तथा उपायुक्त के सतत मोटिवेशन से शिक्षकों और विद्यार्थियों में नई ऊर्जा एवं सकारात्मकता का संचार हुआ है। जिले में परीक्षा को लेकर उत्साह, अनुशासन और आत्मविश्वास का माहौल देखने को मिल रहा है।

प्रशासन एवं शिक्षा विभाग को उम्मीद है कि इन सामूहिक प्रयासों के परिणामस्वरूप इस वर्ष गुमला जिला बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा l


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading