30.2 C
Ranchi
Saturday, June 6, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला में क्रेता- विक्रेता सम्मेलन का आयोजन, आम उत्पादों के विपणन एवं...

गुमला में क्रेता- विक्रेता सम्मेलन का आयोजन, आम उत्पादों के विपणन एवं निर्यात को मिलेगा बढ़ावा

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

गुमला: – गुमला उपायुक्त, दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में क्रेता- विक्रेता सम्मेलन का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में उत्पादित फल विशेषकर आम के प्रभावी विपणन, संग्रहण एवं निर्यात के लिए क्रेताओं एवं उत्पादकों के बीच समन्वय स्थापित करना था।

जिले में मनरेगा अंतर्गत संचालित बिरसा हरित ग्राम योजना के तहत लगभग 20,000 एकड़ भूमि पर आम एवं अन्य फलदार पौधों का रोपण किया गया है। इस योजना के अंतर्गत क्लस्टर आधारित पहचान के माध्यम से कुल 2000 मैट्रिक टन फलों (मुख्यतः आम—आम्रपाली, मल्लिका, हिमसागर, मालदा) के निर्यात का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

बैठक में जेएसएलपीएस, प्रदान, नाबार्ड द्वारा प्रोत्साहित किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) एवं अन्य संस्थाओं के मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी (सीईओ ), बोर्ड सदस्य एवं दीदियों की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला गया। इनके माध्यम से बिरसा हरित ग्राम योजना से जुड़े किसानों से आम फलों का संग्रहण, पैकेजिंग एवं निर्यात सुनिश्चित किया जाएगा।

विभिन्न प्रखंडों एवं राज्य के अन्य जिलों से आए क्रेताओं ने गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि निर्यात के लिए फलों का उच्च गुणवत्ता का होना आवश्यक है, जिससे किसानों को बेहतर मूल्य मिल सके तथा अन्य राज्यों में भी गुमला के उत्पादों की पहचान स्थापित हो।

उपायुक्त ने अपने संबोधन में कहा कि इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य जिले में हो रहे उत्पादन को बेहतर विपणन से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि जिले के एफपीओ एवं अन्य संस्थाएं सीधे किसानों के बागानों से फल संग्रहित कर उसे झारखंड सहित अन्य राज्यों के बाजारों तक पहुंचाएंगी, जिससे किसानों को बेहतर आय प्राप्त होगी।

उन्होंने आगे बताया कि इस वर्ष आम की बिक्री से जिले के किसानों को लगभग 4 से 5 करोड़ रुपये की आय होने की संभावना है। उपायुक्त ने सभी क्रेता एवं विक्रेताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पहल से जिले के किसान आत्मनिर्भर बनने की दिशा में सशक्त होंगे।

उपायुक्त ने भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आम बागवानी की सफलता को देखते हुए अब अन्य फलदार पौधों जैसे सीताफल एवं नाशपाती को भी विशेषकर पाट क्षेत्र में प्रोत्साहित किया जाएगा, ताकि किसानों की आय में निरंतर वृद्धि हो सके।

कार्यक्रम में सहायक परियोजना पदाधिकारी, जिला ग्रामीण विकास शाखा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक जेएसएलपीएस, प्रदान, विकास भारती, अजीम प्रेमजी संस्था, के प्रतिनिधि, किसान उत्पादक संगठन के पदाधिकारी एवं सदस्य तथा बिरसा हरित ग्राम योजना से जुड़े कृषक उपस्थित थे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading