25.4 C
Ranchi
Sunday, July 19, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaघरेलू विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे छोटे भाई पर बड़े भाई...

घरेलू विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे छोटे भाई पर बड़े भाई ने किया जानलेवा हमला, रिम्स ले जाने के दौरान हुई मौत

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

वारदात के बाद आरोपी बड़ा भाई फरार, गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी

गुमला : – गुमला जिला अंतर्गत घाघरा थाना क्षेत्र के महदनिया टोला गांव में घरेलू विवाद ने खूनी रूप ले लिया। भाई-भाभी के बीच चल रहे झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंचे छोटे भाई की बड़े भाई ने टांगी से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान 35 वर्षीय तिवारी उरांव के रूप में हुई है, जबकि घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बड़ा भाई सुरेंद्र उरांव फरार हो गया।
मृतक की बेटी अनीशा उराईन ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसके बड़े पिता सुरेंद्र उरांव और बड़ी मां के बीच किसी घरेलू बात को लेकर विवाद हो रहा था। विवाद के दौरान सुरेंद्र उरांव ने अपनी पत्नी के साथ मारपीट शुरू कर दी और रसोई में जाकर गैस का पाइप खोलकर गैस भी चालू कर दिया। यह देख उसके पिता तिवारी उरांव दोनों के बीच झगड़ा शांत कराने पहुंचे।
इसी दौरान सुरेंद्र उरांव ने गुस्से में आकर टांगी से तिवारी उरांव पर लगातार कई वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल तिवारी उरांव को परिजनों ने तत्काल घाघरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गुमला सदर अस्पताल रेफर किया गया। गुमला सदर अस्पताल में हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया। हालांकि, रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही घाघरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
घाघरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी सुरेंद्र उरांव की गिरफ्तारी के लिए उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading