22.1 C
Ranchi
Thursday, September 3, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaशराब के नशे में पति कर रहा था मारपीट, पत्नी ने लाठी-पत्थर...

शराब के नशे में पति कर रहा था मारपीट, पत्नी ने लाठी-पत्थर से कर दी हत्या; पीछे छूटे 9 बच्चे

गुमला न्यूज़ ब्यूरो – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला: गुमला सदर थाना क्षेत्र के फोरी अंबाटोली गांव में घरेलू विवाद के बाद पत्नी पर अपने पति की हत्या करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पति शराब के नशे में घर पहुंचा था और इसी दौरान पति-पत्नी के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि पत्नी फगनी देवी ने लाठी से पति गंगू उरांव के सिर पर कई वार कर दिए। इसके बाद पत्थर से भी हमला किया गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद टोटो थाना प्रभारी कुंदन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल लाठी और पत्थर भी बरामद किया है।

शराब को लेकर अक्सर होता था पति-पत्नी में विवाद

ग्रामीणों के अनुसार, गंगू उरांव को शराब पीने की आदत थी और वह अक्सर नशे की हालत में घर लौटकर पत्नी के साथ विवाद करता था। ग्रामीणों का दावा है कि शराब को लेकर दोनों के बीच आए दिन झगड़ा होता था। पत्नी के साथ मारपीट करने के आरोप भी गंगू पर लगाए गए हैं।

बताया गया कि घरेलू जिम्मेदारियों और मवेशियों की देखभाल में भी गंगू ज्यादा रुचि नहीं लेता था। ग्रामीणों के मुताबिक, शराब पीना और इसके बाद घर में विवाद करना उसकी रोजमर्रा की आदत बन गई थी।

हालांकि, इस घटना में पत्नी ने किस परिस्थिति में हमला किया और विवाद के दौरान वास्तव में क्या हुआ, पुलिस इसकी जांच कर रही है।

दो शादियां, पहली पत्नी से चार और दूसरी से पांच बच्चे

परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक, गंगू उरांव ने दो शादियां की थीं। उसकी पहली पत्नी नौरा देवी की करीब सात वर्ष पहले मौत हो गई थी। पहली पत्नी से उसके चार बच्चे थे, जबकि दूसरी पत्नी फगनी देवी से पांच बच्चे हैं।

पहली पत्नी की मौत के बाद उसके चार बच्चों की जिम्मेदारी भी फगनी देवी ही संभाल रही थी। बताया गया कि वह खेती-बारी और मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती थी।

पति की मौत और मां के जेल जाने से 9 बच्चों पर संकट

इस घटना का सबसे बड़ा असर परिवार के नौ बच्चों पर पड़ा है। पिता की मौत और मां के जेल जाने के बाद बच्चों के सामने अब पालन-पोषण और भविष्य का संकट खड़ा हो गया है।

बच्चों में सबसे छोटा अभी दुधमुंहा है, जो अपनी मां के साथ जेल गया है। वहीं बाकी आठ बच्चों की उम्र करीब एक से 17 वर्ष के बीच बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी फगनी देवी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। वह अपने दुधमुंहे बच्चे के साथ जेल गई है।

अब इस परिवार के आठ बच्चों की देखभाल कौन करेगा और उनकी पढ़ाई-लिखाई व भविष्य कैसे चलेगा, यह बड़ा सवाल बन गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading