24.1 C
Ranchi
Wednesday, September 9, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaपति की हत्या के बाद नौकरी की आस, जन शिकायत दिवस में...

पति की हत्या के बाद नौकरी की आस, जन शिकायत दिवस में महिला ने DC से लगाई गुहार

गुमला न्यूज प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला: लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस में मंगलवार को कई मामले उपायुक्त दिलेश्वर महतो के सामने पहुंचे। जिले के अलग-अलग प्रखंडों और दूरदराज इलाकों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं बताईं और समाधान की उम्मीद में आवेदन सौंपे। उपायुक्त ने सभी मामलों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियम के तहत समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इन शिकायतों में पालकोट प्रखंड के सारूबेड़ा भण्डारटोली की एक महिला का मामला भी सामने आया। महिला ने बताया कि उनके पति की 5 अगस्त 2017 की रात उग्रवादियों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। पति की मौत के बाद परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब हो गई। ऐसे में महिला ने खुद को आश्रित पत्नी बताते हुए अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति देने की मांग उपायुक्त के सामने रखी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदन की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जिउतिया जतरा के 4.50 लाख रुपये भुगतान का मामला

जन शिकायत दिवस में भरनो प्रखंड के कमलपुर स्थित चाला अखड़ा खोड़हा ग्राम शाखा की ओर से वर्ष 2025 में आयोजित जिउतिया जतरा से जुड़े भुगतान का मामला भी रखा गया।

संस्था के अनुसार 17 सितंबर 2025 को कमलपुर में जिउतिया जतरा का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में शामिल खोड़हा दलों के मानदेय और यात्रा भत्ते समेत अन्य खर्चों का भुगतान संस्था ने किया था। इसके लिए सांस्कृतिक निदेशालय, पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार की ओर से 4.50 लाख रुपये की राशि स्वीकृत थी, लेकिन संस्था के अनुसार अब तक यह राशि उसे प्राप्त नहीं हुई है।

संस्था ने लंबित राशि का जल्द भुगतान कराने की मांग की। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी को मामले की जांच कर नियम के तहत भुगतान की प्रक्रिया में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

मां के निधन और पिता की वृद्धावस्था के बाद आर्थिक मदद की मांग

सिसई की काजल कुमारी ने भी अपनी आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए सरकारी स्तर पर उपलब्ध आर्थिक सहायता और जरूरी सहयोग देने की मांग की। उन्होंने बताया कि उनकी मां का निधन हो चुका है और पिता वृद्ध हैं, जिसके कारण परिवार आर्थिक कठिनाइयों से गुजर रहा है।

उपायुक्त ने संबंधित विभाग को पात्रता और लागू प्रावधानों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इन समस्याओं को लेकर भी पहुंचे लोग

जन शिकायत निवारण दिवस में इसके अलावा गैरमजरुआ सरकारी जमीन पर प्रधानमंत्री आवास निर्माण, जमीन की बिक्री और रजिस्ट्री पर रोक, ट्रांसफार्मर बदलने, बिजली तार लगाने, राशन कार्ड को डीलर के पास रखने, बंद राशन कार्ड दोबारा चालू कराने, अंबेडकर/विधवा आवास, आम बागवानी के मास्टर रोल में सुधार और मजदूरी भुगतान से जुड़े आवेदन भी मिले।

इसके साथ ही बैंक खाते से धोखाधड़ीपूर्वक पैसे निकाले जाने के मामले में कार्रवाई की मांग भी रखी गई।

उपायुक्त ने सभी आवेदनों को संबंधित विभागों और अधिकारियों को भेजते हुए प्रत्येक मामले की जांच कर नियमानुसार और समयबद्ध कार्रवाई करने का निर्देश दिया। साथ ही की गई कार्रवाई की जानकारी संबंधित आवेदकों को देने को भी कहा।

जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान संबंधित विभागों के पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading