19.1 C
Ranchi
Saturday, October 24, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaबेटे ने पिता को किया फोन, दूसरी तरफ से मिली मौत की...

बेटे ने पिता को किया फोन, दूसरी तरफ से मिली मौत की खबर; रेलवे ट्रैक पर मिला हेमंत का शव

न्यूज – कहकशां फारूकी

गोमिया के ओचो गांव के पास ट्रेन की चपेट में आने से 45 वर्षीय हेमंत कुमार की मौत, परिवार में मचा कोहराम

गोमिया__ बेटे ने पिता के मोबाइल पर फोन किया, लेकिन दूसरी तरफ से ऐसी खबर मिली जिसने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। फोन पर बताया गया कि मोबाइल के मालिक की रेलवे ट्रैक पर मौत हो गई है। यह सुनते ही परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। आनन-फानन में परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां हेमंत कुमार का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। शनिवार की सुबह गोमिया थाना क्षेत्र के सियारी पंचायत अंतर्गत ओचो गांव के पास हुए इस दर्दनाक रेल हादसे में 45 वर्षीय हेमंत कुमार की मौत हो गई।

मृतक की पहचान पलिहारी गुरुडीह पंचायत के बाबूगली निवासी स्वर्गीय फलजीत राम के पुत्र हेमंत कुमार के रूप में हुई है। घटना रेलवे के आउटर ट्रैक पर पोल संख्या 51/12 और 51/14 के बीच की बताई जा रही है। हादसे की खबर फैलते ही घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई, वहीं मृतक के घर में मातम पसर गया।
रोज की तरह टहलने निकले थे हेमंत, फिर नहीं लौटे घर
परिजनों के अनुसार, हेमंत कुमार शनिवार की सुबह भी रोज की तरह टहलने के लिए घर से निकले थे। इसी दौरान वह शौच के लिए रेलवे ट्रैक पार कर रहे थे। आशंका जताई जा रही है कि इसी क्रम में वह ट्रेन की चपेट में आ गए, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी वास्तविक जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

बेटे के फोन ने खोला हादसे का राज

मृतक की पत्नी सोनी देवी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब नौ बजे उनके बेटे विनीत कुमार ने पिता के मोबाइल पर फोन किया। फोन हेमंत कुमार ने नहीं, बल्कि सियारी के एक व्यक्ति ने उठाया। उसने बताया कि मोबाइल के मालिक की रेलवे ट्रैक पर मौत हो गई है। इस अप्रत्याशित सूचना से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। परिजन और ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। वहां हेमंत का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। जिस बेटे ने पिता से बात करने के लिए फोन किया था, उसे उनकी मौत की खबर मिली।

सूचना मिलते ही पहुंची गोमिया पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही गोमिया थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी प्रफुल्ल कुमार महतो ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला रेल हादसे का प्रतीत होता है। परिजनों के आवेदन के आधार पर यूडी केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

हेमंत कुमार की अचानक मौत से पत्नी सोनी देवी, बेटे विनीत कुमार, बेटी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस घर में कुछ देर पहले तक सामान्य दिनचर्या चल रही थी, वहां मौत की खबर पहुंचते ही मातम छा गया। हेमंत की असमय मौत से बाबूगली और आसपास के इलाके में शोक की लहर है।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading