22.1 C
Ranchi
Tuesday, September 29, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला में 24 घंटे में सर्पदंश की चार घटनाएं, एक की मौत

गुमला में 24 घंटे में सर्पदंश की चार घटनाएं, एक की मौत

न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

तीन लोगों का सदर अस्पताल में चल रहा इलाज, डॉक्टर ने अंधविश्वास से बचने और सांप के काटने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की

गुमला: बारिश के मौसम के बीच गुमला जिले में पिछले 24 घंटे के दौरान सर्पदंश की चार घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में एक व्यक्ति की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोगों का गुमला सदर अस्पताल में इलाज चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, घाघरा प्रखंड के पाठकपुर निवासी 65 वर्षीय अगुस्टिन कुजूर रविवार दोपहर खेत में काम करने के दौरान सांप के डंसने से घायल हो गए थे। परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए गुमला सदर अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां इलाज के दौरान सोमवार आधी रात उनकी मौत हो गई। सोमवार को उनके शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

तीन अन्य लोगों का अस्पताल में इलाज
सर्पदंश की अन्य घटनाओं में घाघरा के कोटामाटी निवासी 50 वर्षीय श्रीकुमार भगत, खपिया निवासी 40 वर्षीय उमेश उरांव और कुरुमगढ़ के कुटमा निवासी 22 वर्षीय प्रदीप असुर शामिल हैं। सांप के डंसने के बाद तीनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

डॉक्टर ने तुरंत अस्पताल पहुंचने की दी सलाह
सदर अस्पताल के डॉक्टर पीसी के भगत ने लोगों से सर्पदंश की स्थिति में अंधविश्वास या झाड़-फूंक के चक्कर में समय बर्बाद नहीं करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सांप के काटने पर व्यक्ति को जल्द से जल्द अस्पताल पहुंचाना जरूरी है। अस्पताल में सर्पदंश के इलाज के लिए पर्याप्त दवाएं उपलब्ध हैं।

उन्होंने खासकर ग्रामीण क्षेत्रों में जमीन पर सोने वाले लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। बारिश के मौसम में सांपों की गतिविधियां बढ़ने के कारण लोगों को रात के समय विशेष सतर्क रहने की जरूरत है।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading