20.1 C
Ranchi
Thursday, October 8, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaSIR-2026 को लेकर गुमला DC का औचक निरीक्षण, सीलम में कई मामलों...

SIR-2026 को लेकर गुमला DC का औचक निरीक्षण, सीलम में कई मामलों का मौके पर निपटारा

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया

गुमला: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण SIR-2026 की जमीनी स्थिति देखने के लिए उपायुक्त-सह-जिला निर्वाचन पदाधिकारी दिलेश्वर महतो ने बुधवार को रायडीह प्रखंड के विभिन्न विशेष मतदाता शिविरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने पंचायत भवन सीलम और ग्राम पंचायत सिकोई में चल रहे शिविरों में पहुंचकर दावे-आपत्तियों, नोटिस तामिला, दस्तावेजों के सत्यापन और लंबित मामलों की स्थिति देखी।

उपायुक्त ने शिविर में मौजूद मतदाताओं से सीधे बातचीत कर प्रक्रिया से जुड़ी उनकी समस्याएं भी सुनीं। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि पात्र मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी न हो और दस्तावेजों की जांच के बाद मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निष्पादन किया जाए।

सीलम में DC ने खुद सुनी मामलों की सुनवाई

सीलम पंचायत में उपायुक्त खुद सुनवाई प्रक्रिया में शामिल हुए। उन्होंने नोटिस पाने वाले मतदाताओं के दस्तावेज और उपलब्ध अभिलेख देखे। संबंधित कागजात और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई करते हुए कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया।

उन्होंने अधिकारियों को कठिन और जटिल मामलों की नियमित समीक्षा करने तथा जरूरत पड़ने पर वरीय अधिकारियों से मार्गदर्शन लेकर उनका जल्द समाधान करने का निर्देश दिया।

लंबित मामलों को लेकर अधिकारियों को निर्देश

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने शिविरों के लिए टैग वरीय अधिकारी एसडीओ सदर अखिलेश कुमार और सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा ललन कुमार रजक से लंबित मामलों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्राप्त प्रपत्रों और जरूरी दस्तावेजों का नियमानुसार सत्यापन कर ऑनलाइन प्रक्रिया समय पर पूरी की जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी मामले को बिना वजह लंबित न रखा जाए और प्रत्येक मतदाता के मामले में उपलब्ध दस्तावेजों और साक्ष्यों के आधार पर निष्पक्ष निर्णय लिया जाए।

वृद्धाश्रम पहुंचकर बुजुर्गों के मतदाता सत्यापन की समीक्षा

विशेष शिविरों के निरीक्षण के बाद उपायुक्त सीलम स्थित वृद्धाश्रम भी पहुंचे। यहां उन्होंने रह रहे वरिष्ठ नागरिकों के मतदाता सत्यापन की स्थिति की जानकारी ली और पात्र वृद्धजनों का शत-प्रतिशत सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि जिन बुजुर्गों के पास अभी मतदाता पहचान पत्र नहीं है, उनकी पात्रता के अनुसार जरूरी प्रक्रिया पूरी कराकर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने की कार्रवाई की जाए। वहीं, SIR-2026 के तहत नोटिस प्राप्त करने वाले वृद्धजनों के दस्तावेजों की जांच और सत्यापन को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में हर पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। खासकर वृद्धजनों, दिव्यांगजनों और अन्य संवेदनशील वर्गों के मामलों में प्रशासन को संवेदनशीलता और तत्परता के साथ काम करना चाहिए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी प्रक्रिया पारदर्शी, निष्पक्ष और निर्धारित समय-सीमा में पूरी करने का निर्देश दिया, ताकि मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाया जा सके।

मौके पर एसडीओ सदर अखिलेश कुमार, सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा ललन कुमार रजक समेत निर्वाचन शाखा के संबंधित कर्मी मौजूद रहे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading