20.1 C
Ranchi
Wednesday, October 14, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaउपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस आयोजित,...

उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस आयोजित, दूर-दराज से पहुंचे नागरिकों ने रखीं अपनी समस्याएं

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया

प्राप्त आवेदनों पर संबंधित अधिकारियों को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश

गुमला : – गुमला उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं दूर-दराज के गांवों से पहुंचे नागरिकों ने उपायुक्त से मुलाकात कर अपनी समस्याओं से संबंधित आवेदन सौंपे। उपायुक्त ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

जन शिकायत निवारण दिवस में गुमला प्रखंड के नवाडीह कांशीटोली निवासी राजो देवी, पति सुकरा उरांव ने वर्ष 2016 – 17 में स्वीकृत सिंचाई कूप से संबंधित सामग्री की राशि का भुगतान अब तक नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि कई बार प्रखंड कार्यालय में आवेदन देने के बावजूद राशि का भुगतान लंबित है। आर्थिक एवं स्वास्थ्य संबंधी कठिनाइयों का हवाला देते हुए उन्होंने मामले की जांच कर लंबित राशि का भुगतान कराने का अनुरोध किया।

घाघरा प्रखंड के बदरी पंचायत अंतर्गत तिरकोट गांव निवासी एक आवेदक ने अपने दिवंगत पिता पतिनाथ राय की जन वितरण प्रणाली की दुकान के संबंध में आवेदन सौंपा। आवेदक के अनुसार, उनके पिता वर्ष 1994 से वर्ष 2025 तक दुकान का संचालन कर रहे थे। दिनांक 17 दिसंबर 2025 को उनकी मृत्यु के बाद दुकान को अन्य दुकान में स्थानांतरित कर दिया गया। आवेदक ने नियमानुसार अनुकंपा के आधार पर जन वितरण प्रणाली की दुकान आवंटित करने का अनुरोध किया, ताकि परिवार की आर्थिक स्थिति को सहारा मिल सके।

रायडीह प्रखंड के कोंडरा पंचायत अंतर्गत राजस्व ग्राम कसिरा के ग्रामीणों ने पंचायत सचिव की कार्यशैली को लेकर शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सभा में प्राथमिकता के आधार पर पारित एवं प्रस्तावित योजनाओं को दरकिनार कर अन्य योजनाओं को प्राथमिकता दी जा रही है, जिससे वास्तविक जरूरतमंद लाभुक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मामले की जांच कर ग्राम सभा में पारित योजनाओं के नियमानुसार क्रियान्वयन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।

बिरसमनी देवी, पत्नी स्वर्गीय बिरेन्द्र बड़ाईक ने अपने दिवंगत पति की पारिवारिक पेंशन की राशि में हिस्सेदारी नहीं मिलने से संबंधित शिकायत प्रस्तुत की। उन्होंने आवेदन में उल्लेख किया कि उनके पति अनुमंडल कार्यालय, गुमला में अनुसेवक के पद पर कार्यरत थे तथा सेवाकाल के दौरान 16 अक्टूबर 2019 को उनका निधन हो गया था। आवेदिका ने दावा किया कि पारिवारिक पेंशन की राशि में उनकी निर्धारित हिस्सेदारी का भुगतान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने मामले की जांच कर नियमानुसार उचित कार्रवाई करने का अनुरोध किया।

रायडीह प्रखंड के उपरखंटगा पंचायत अंतर्गत लालमाटी गांव के ग्रामीणों ने गांव तक सड़क निर्माण कराने की मांग को लेकर आवेदन सौंपा। ग्रामीणों ने बताया कि गांव दुर्गम पहाड़ी एवं वन क्षेत्र में स्थित है, जहां कच्ची सड़क के कारण आवागमन में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। विशेषकर बरसात के मौसम में बीमार व्यक्तियों एवं गर्भवती महिलाओं को अस्पताल पहुंचाने में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण की दिशा में आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया।

वहीं, कलिंगा निवासी सुमित्रा देवी, पति तेजमैन गोप ने उपचार हेतु आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने बताया कि वह पिछले तीन वर्षों से कैंसर से पीड़ित हैं तथा आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण उपचार कराने में कठिनाइयों का सामना कर रही हैं। उन्होंने सरकारी प्रावधानों के तहत उपचार हेतु सहायता राशि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

उपायुक्त दिलेश्वर महतो ने प्राप्त आवेदनों के आलोक में संबंधित अधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता देने तथा पात्र लाभुकों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading