21.1 C
Ranchi
Thursday, October 29, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaभारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण का शुभारंभ, डिजिटल...

भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण का शुभारंभ, डिजिटल माध्यम से होगी जनसंख्या गणना

गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया

उप विकास आयुक्त ने प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को नागरिकों के साथ विनम्र व्यवहार करने का दिया निर्देश

गुमला : – गुमला जिला में – भारत की जनगणना 2027 के द्वितीय चरण के अंतर्गत जनसंख्या गणना कार्य को लेकर बुधवार को सूचना एवं जनसम्पर्क कार्यालय सभागार, गुमला में प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ उप विकास आयुक्त, गुमला अनिमेष रंजन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर उप विकास आयुक्त ने कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य है, जिसके माध्यम से देश की जनसंख्या से संबंधित आवश्यक आंकड़े संकलित किए जाते हैं। इस कार्य को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं त्रुटिरहित ढंग से संपन्न करना सभी संबंधित पदाधिकारियों, पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों की जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिया कि जनगणना कार्य के दौरान सभी पर्यवेक्षक एवं प्रगणक आम नागरिकों के साथ विनम्र, सहज एवं सहयोगात्मक व्यवहार करें तथा निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें।

कार्यक्रम के दौरान जनगणना के प्रथम चरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले दो चार्ज पदाधिकारियों, अशोक कुमार बड़ाईक, अंचल अधिकारी, सिसई तथा नरेश मुंडा, अंचल अधिकारी, बसिया को प्रधान मुख्य जनगणना पदाधिकारी, झारखंड, रांची द्वारा प्रदत्त प्रशस्ति पत्र उप विकास आयुक्त के हाथों प्रदान किया गया। इस अवसर पर उनके कार्यों की सराहना की गई।

जनसंख्या गणना से संबंधित प्रशिक्षण जनगणना कार्य निदेशालय, झारखंड, रांची के उप निदेशक गजेन्द्र गुप्ता एवं सांख्यिकी अन्वेषक राजा शंकर ठाकुर द्वारा दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान प्रशिक्षकों ने जनगणना की प्रक्रिया, कार्यप्रणाली एवं निर्धारित दिशा-निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी।

प्रशिक्षकों ने बताया कि जनगणना 2027 के अंतर्गत जनसंख्या गणना का कार्य डिजिटल माध्यम से किया जाएगा। नागरिकों को स्व-गणना का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा, जिसके माध्यम से वे निर्धारित पोर्टल पर स्वयं अपनी गणना संबंधी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। जनसंख्या गणना के लिए कुल 40 प्रश्न निर्धारित किए गए हैं। प्रशिक्षकों ने सभी प्रतिभागियों को प्रश्नों की प्रकृति, आंकड़ों के संकलन तथा कार्य निष्पादन से संबंधित महत्वपूर्ण बिंदुओं से अवगत कराया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुमंडल पदाधिकारी, गुमला, बसिया एवं चैनपुर, जिला सांख्यिकी पदाधिकारी माधुरी बेक, सभी चार्ज पदाधिकारी, सहायक चार्ज पदाधिकारी तथा जिला जनगणना कोषांग के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

जिला प्रशासन, गुमला द्वारा जनगणना कार्य से जुड़े सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों से अपेक्षा की गई है कि वे प्रशिक्षण में प्राप्त जानकारी के अनुरूप निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराएं ।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading