गुमला न्यूज ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया
गुमला : – गुमला उपयुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में मत्स्य विभाग अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं की प्रगति एवं वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप लाभुकों के चयन को लेकर विशेष समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में मुख्य रूप से तालाब तथा जलाशय मत्स्य का विकास एवं जीर्णोद्धार योजना तथा मत्स्य विपणन योजना के अंतर्गत विभिन्न घटकों के लिए लाभुकों के चयन पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई।
इस दौरान बायोफ्लॉक तालाब (इनपुट सहित) योजना के तहत लाभुकों के चयन, मत्स्य विपणन योजना अंतर्गत विपणन किट एवं चार पहिया भारवाहक वाहन के लाभुकों के चयन तथा तालाब एवं जलाशय मत्स्य विकास एवं जीर्णोद्धार योजना के तहत मत्स्यजीवी सहयोग समितियों के लिए मोटरचालित नाव के लाभुकों के चयन से संबंधित विषयों की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने सभी योजनाओं के निर्धारित दिशा-निर्देशों एवं पात्रता मानकों के अनुरूप लाभुकों का चयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लाभुकों के चयन की प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष होनी चाहिए, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ योग्य एवं जरूरतमंद लाभुकों तक पहुंच सके। उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों को प्राप्त आवेदनों एवं निर्धारित मानकों की गंभीरता से जांच करते हुए चयन प्रक्रिया को नियमानुसार पूर्ण करने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने मत्स्य विभाग के पदाधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने तथा मत्स्यपालकों एवं मत्स्यजीवी सहयोग समितियों को सरकारी योजनाओं से जोड़कर उनकी आजीविका एवं आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने की दिशा में आवश्यक पहल करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मत्स्य पालन एवं इससे जुड़ी विपणन सुविधाओं का विस्तार ग्रामीण क्षेत्रों में स्वरोजगार और आय सृजन के महत्वपूर्ण माध्यम बन सकते हैं। ऐसे में योजनाओं का लाभ धरातल पर सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में मुख्य रूप से उप विकास आयुक्त अनिमेष रंजन, जिला मत्स्य पदाधिकारी, जिला कृषि पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।







