24.1 C
Ranchi
Friday, September 20, 2024
Advertisement
HomeNationalभाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हेमंत सोरेन पर हमला बोला,...

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हेमंत सोरेन पर हमला बोला, कहा-उनके पीछे ईडी पड़ा हुआ है और वे भाग रहे हैं…सिर्फ तारीख मांग रहे हैं…!!  

जेपी नड्डा ने संकल्प सभा के समापन के जरिए मिशन 2024 का शंखनाद किया

रांची: आदिवासियों का सबसे अधिक शोषण वर्तमान सरकार ने किया है। धर्मांतरण को बढ़ावा दिया गया। वोट बैंक के लिए तुष्टिकरण की राजनीति की जा रही है। हिंदू धार्मिक जुलूस पर प्रतिबंध लगाया जाता है। यह राज्य ऐसा है जहां, मुख्यमंत्री के पीछे ईडी पड़ा हुआ है और वे भाग रहे हैं। उलटे, सीएम हेमंत सोरेन ईडी और सीबीआई पर आरोप लगा रहे हैं। तारीख पर तारीख मांग रहे हैं। यह सरकार तो निश्चित रूप से जायेगी और यहां की जनता इसके लिए तैयार है। शनिवार को प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की संकल्प सभा के समापन मौके पर  हरमू मैदान में बतौर मुख्य अतिथि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला. संकल्प सभा समापन के जरिए भाजपा ने मिशन 2024 का शंखनाद किया। श्री नड्डा ने झारखंड में ऐसे-ऐसे घोटाले हुए हैं, जिसकी गिनती नहीं की जा सकती है। यहां पर महिलाओं और नाबालिग बच्चियों के साथ दुष्कर्म की लगातार घटनाएं हो रही है। यहां जंगल राज्य कायम है. जमीन हड़पने के लिए माता-पिता के नाम बदले गए। उन्होंने कहा कि संकल्प यात्रा को समय पर निकाल कर यहां की जनता को जागृत करने का काम किया गया है। नारी शक्ति को सम्मान देना है तो जेएमएम की सरकार को जाना तय है।

नड्डा ने केंद्रीय योजनाओं का बखान किया

पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने इस मौके पर केंद्रीय योजनाओं का बखान किया। खासकर सड़क, पुल और फ्लाईओवर, नेशनल हाईवे, रेलवे स्टेशन के सुंदरीकरण की चर्चा की। कहा कि केंद्र सरकार ने गरीब कल्याण योजना में गरीबों को अन्न देने का काम किया। उसमें भी यहां की सरकार ने भ्रष्टाचार किया। उन्होंने कहा कहा कि हरमू मैदान में इतनी भारी तादाद में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह और उमंग बताता है कि आपलोगों ने यहां पर फिर से कमल खिलाने का संकल्प ले लिया है। उन्होंने कहा कि झारखंड में आदिवासियों पर राजनीति हुई, उन्हें वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया गया। लेकिन भाजपा ने उन्हें सम्मान देने का काम किया। वहीं कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि यहां के लोगों की भावनाओं को समझने की कांग्रेस ने कभी कोशिश नहीं की। झारखंड की संस्कृति को संरक्षित करने का काम भाजपा की सरकार ने किया है।

हेमंत सरकार को उखाड़ फेंकने का हम संकल्प लें: अर्जुन मुंडा

केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि आज वीरों की धरती पर राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का आगमन हुआ है। 17 अगस्त से बाबूलाल मरांडी ने भोगनाडीह से इस संकल्प यात्रा का शुभारंभ किया और आज इसका समापन हो रहा है। मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम में विभिन्न गांव से पवित्र मिट्टी लेकर दिल्ली पहुंचेंगे। श्री मुंडा ने कहा प्रदेश की हालत बहुत ही दयनीय है। आम नागरिकों को परेशान किया जा रहा है। हेमंत सोरेन सरकार को उखाड़ फेंकने का हम सभी को संकल्प लेना है।

ईडी की कार्रवाई से बचने के लिए सुप्रीम कोर्ट से हेमंत सोरेन महंगे वकील लेकर आते हैं : बाबूलाल मरांडी

प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि इस संकल्प यात्रा का समापन में तन-मन से संकल्प लेना है। अमृत कलश लेकर यहां से दिल्ली रवाना होंगे। उन्होंने कहा कि चार साल से प्रदेश में विकास का कार्य ठप है। पूरी सरकार कमाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि अलग राज्य झारखंड का गठन हुआ और विकास कार्य प्रारंभ हुआ। लेकिन सरकार भले बदली है पर विकास कार्य पूरी तरह से ठप है. हेमंत सोरेन की सरकार ने जो भी चुनावी वायदे किए उसे पूरा नहीं किया। सभी सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार चरम पर है। बालू, कोयला और पत्थर की लूट हो रही है। ईडी की कार्रवाई से बचने के लिए सुप्रीम कोर्ट से महंगे वकील ले आते हैं। हेमंत सोरेन ईडी की पूछताछ से भाग रहे हैं। जब उन्होंने कोई गलती ही नहीं की है तो ईडी से क्यों भाग रहे हैं। राज्य के मुखिया अपने सभी सरकारी तंत्र को लूटने में लगा दिए हैं। आज इस संकल्प सभा से हेमंत सोरेन सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेकर जाना है।

आदित्य साहू ने अतिथियों का स्वागत किया

राज्यसभा सांसद आदित्य साहू ने आगत सभी अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर मंच पर प्रदेश प्रभारी लक्ष्मीकांत बाजपेई, विधानसभा में सचेतक जेपी पटेल, सांसद सुनील सिंह, संजय सेठ, खूंटी के विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा सहित कई भाजपा के कार्यकर्ता मौजूद थे। संकल्प सभा के समापन में छह विधानसभा क्षेत्र से मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम के तहत शहीद स्थल से मिट्टी को कलश में भर कर लाया था, जिसे दिल्ली भेजा गया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments