32.2 C
Ranchi
Saturday, March 7, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला में तीखे मोड़ पर पिकअप और बाइक की टक्कर, तीन लोग...

गुमला में तीखे मोड़ पर पिकअप और बाइक की टक्कर, तीन लोग गंभीर रूप से घायल

गुमला: गुमला जिले के रायडीह थाना क्षेत्र के कटकांया तीखे मोड़ पर मंगलवार अपराह्न धान से लदे पिकअप वाहन और बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई, जिसमें तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में बाइक चालक 23 वर्षीय रोहित मुंडा, छात्र जितेंद्र मुंडा और छात्रा हीरामुनी कुमारी शामिल हैं।

स्कूल से लौटते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, सभी घायल केराडीह गांव के निवासी हैं। स्कूल की छुट्टी के बाद जितेंद्र मुंडा और हीरामुनी उरांव अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रोहित मुंडा ने दोनों को अपनी बाइक पर बैठाया और केराडीह गांव की ओर निकल पड़े। लेकिन जैसे ही वे कटकांया के तीखे मोड़ पर पहुंचे, सामने से तेज गति से आ रहे धान लदे पिकअप वाहन से उनकी बाइक टकरा गई।

बाइक सवारों को आई गंभीर चोटें

टक्कर इतनी जोरदार थी कि रोहित मुंडा बेहोश हो गया और उसके सिर में गंभीर चोट लगी। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद रायडीह थाना की पुलिस गश्ती दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रायडीह पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत नाजुक देखते हुए उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। देर शाम घायलों को सदर अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन जब्त किए

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने बाइक और पिकअप वाहन को जब्त कर रायडीह थाना ले जाया। मामले की जांच की जा रही है, वहीं अस्पताल प्रशासन ने घायलों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए रखी है।

स्थानीय प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क पर सावधानी से वाहन चलाएं और विशेष रूप से तीखे मोड़ों पर गति नियंत्रित रखें, ताकि ऐसी दुर्घटनाओं से बचा जा सके।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading