20.7 C
Ranchi
Sunday, March 8, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बंद कंटेनर से 55 लाख रुपये से...

गुमला पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बंद कंटेनर से 55 लाख रुपये से अधिक की अवैध शराब बरामद, दो गिरफ्तार

गुमला, 4 अगस्त 2025: गुमला पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमां के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर भरनो थाना क्षेत्र में एक बंद कंटेनर ट्रक से 6,85 पेटी अवैध विदेशी शराब बरामद की है, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत ₹55,66,200 बताई जा रही है। इस मामले में ट्रक चालक और खलासी को गिरफ्तार कर गुमला जेल भेज दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमां ने बताया कि 3 अगस्त को उनके विशेष नेटवर्क को सूचना मिली कि एक संदिग्ध कंटेनर ट्रक (HR 61E 9722) सिसई बाईपास होते हुए रांची की ओर अवैध शराब लेकर जा रहा है। सूचना की पुष्टि होते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में एक छापामार दल गठित किया गया। इसमें सिसई अंचल के प्रभारी सुरेश कुमार सिंह, भरनो थाना प्रभारी कंचन प्रजापति, पुअनि मंटू चौधरी, सअनि प्रदीप कुमार, हवलदार एलेक्जेंडर, गृह रक्षक बुधवा उरांव एवं अन्य पुलिस जवान शामिल थे।

भरनो थाना के पास नावाटोली से रांची की ओर आने वाले रूट पर बैरिकेडिंग कर चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान एक बंद कंटेनर आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रुकवाया।

पूछताछ में मिले संदिग्ध जवाब

ट्रक के चालक ने अपना नाम वीर सिंह (21 वर्ष), निवासी ग्राम खेराटी, थाना कलानौर, जिला रोहतक, हरियाणा बताया, जबकि खलासी की पहचान संदीप (20 वर्ष), ग्राम नैन, थाना मतलोडा, जिला पानीपत, हरियाणा के रूप में हुई। पूछताछ में उन्होंने दावा किया कि ट्रक में प्लाईवुड लदा है, लेकिन उनकी गतिविधियाँ संदिग्ध लगने पर ट्रक को खोलने का निर्देश दिया गया।

ट्रक से मिली बड़ी खेप

जैसे ही ट्रक खोला गया, अंदर से अवैध शराब की बड़ी खेप बरामद हुई। कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर कंटेनर को जब्त कर लिया गया। बरामद शराब का विवरण इस प्रकार है:

ब्रांड मात्रा पेटियाँ प्रति पेटी बोतलें
मैकडॉवेल (180ml) 1.80ml 195 48 बोतलें
मैकडॉवेल (375ml) 3.75ml 295 24 बोतलें
इंपीरियल ब्लू (750ml) 7.50ml 195 12 बोतलें
कुल 685

इस कुल बरामद शराब की बाजार कीमत लगभग ₹55,66,200 आँकी गई है।

आरोपियों को जेल भेजा गया

पुलिस ने दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूर्ण कर न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहाँ से उन्हें गुमला जेल भेज दिया गया। मामले की जाँच जारी है और यह देखा जा रहा है कि इसके पीछे कोई अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह तो सक्रिय नहीं।

एसपी हरीश बिन जमां ने साफ शब्दों में कहा है, “गुमला जिले में अवैध मादक पदार्थ या शराब की तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने यह भी कहा कि आगे भी ऐसे विशेष अभियानों के तहत लगातार छापेमारी जारी रहेगी।

गुमला पुलिस की यह कार्रवाई न केवल अवैध शराब कारोबारियों के लिए बड़ा झटका है, बल्कि यह दिखाता है कि प्रशासन कानून व्यवस्था को लेकर पूरी तरह गंभीर है। ऐसे अभियान यदि निरंतर चलाए जाएँ, तो अपराध और तस्करी पर प्रभावी रोक संभव है।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading