20.7 C
Ranchi
Sunday, March 8, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaसड़क हादसे में मासूम की मौत, दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल;...

सड़क हादसे में मासूम की मौत, दूसरा बच्चा गंभीर रूप से घायल; ग्रामीणों ने एनएच-23 किया जाम

गुमला, 6 सितम्बर – गुमला जिले के भरनो थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय उच्च पथ 23 पर शनिवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 12 वर्षीय फरहान मिर्दाहा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी मुर्सिल मिर्दाहा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर किया गया है।

पैदल घर लौट रहे थे दोनों बच्चे

जानकारी के अनुसार, फरहान और मुर्सिल बेड़ों थाना क्षेत्र के हाटू मदरसा में पढ़ाई करते थे। शनिवार को दोनों बिना किसी को बताए पैदल ही अपने गांव सुपा लौट रहे थे। इसी दौरान नावाटोली के पास सड़क पार करते समय एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि फरहान ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि मुर्सिल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर तड़पता रहा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल भरनो अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद रांची रेफर कर दिया।

गांव में मातम, परिजन सदमे में

फरहान की मौत की खबर मिलते ही उसके गांव सुपा में शोक की लहर दौड़ गई। परिजन बार-बार रोकर बेहोश हो जा रहे थे। ग्रामीणों ने बताया कि दोनों बच्चे पढ़ाई में अच्छे थे और हमेशा साथ रहते थे। अचानक हुए इस हादसे ने पूरे परिवार और गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है।

ग्रामीणों का गुस्सा फूटा, सड़क जाम

हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने भरनो ब्लॉक चौक के पास राष्ट्रीय उच्च पथ 23 को जाम कर दिया। उनकी मांग थी कि मृतक के परिवार को मुआवजा दिया जाए और फरार वाहन चालक की जल्द से जल्द गिरफ्तारी हो। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात बाधित हो गया।

सूचना पाकर भरनो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम हटवाया। पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि वाहन और चालक की पहचान कर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।

शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया

पुलिस ने फरहान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल भेजा। कानूनी औपचारिकताओं के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading