24.6 C
Ranchi
Saturday, March 7, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaसांता पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस, अतिथियों ने दिए...

सांता पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मना शिक्षक दिवस, अतिथियों ने दिए प्रेरणादायी संदेश

गुमला, 11 सितम्बर 2025।
शास्त्री नगर स्थित सांता पब्लिक स्कूल में बुधवार को शिक्षक दिवस बड़े उत्साह और गरिमा के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने शिक्षकों को सम्मानित किया और रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से आभार व्यक्त किया।

अतिथियों ने बताई शिक्षक की भूमिका

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अजय मंत्री ने कहा कि “शिक्षक केवल पढ़ाने का काम नहीं करते, बल्कि वे इंसानियत और जीवन के असली मूल्यों का बोध कराते हैं। वे अच्छे संस्कार देकर बच्चों का चरित्र निर्माण करते हैं।” उन्होंने विद्यालय की सराहना करते हुए कहा कि यहां बच्चों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है।

विशिष्ट अतिथि एवं झारखंड राज्य पेंशनर समाज, दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल के सचिव महावीर प्रसाद मिश्र ने शिक्षकों को समाज का आधार स्तंभ बताया। उन्होंने कहा, “शिक्षक एक कुम्हार की तरह हैं, जिनका कार्य निर्माण करना है। उनका समर्पण, शक्ति और बुद्धिमत्ता अनगिनत जीवन को दिशा देते हैं।”

विद्यालय प्रबंधन का संदेश

विद्यालय के निदेशक हेमंत कुमार ने कहा कि “शिक्षा वह पूंजी है जिसे कोई छीन नहीं सकता। शिक्षक वह दीपक हैं, जो स्वयं जलकर बच्चों को अज्ञानता के अंधकार से निकालकर ज्ञान और विज्ञान के प्रकाश से परिचित कराते हैं।”

शिक्षिका हिमा कुमारी ने बच्चों से अपने पहले गुरु माता-पिता और विद्यालय के शिक्षकों का सदैव आदर करने की अपील की। वहीं शिक्षिकाएँ अंकिता कुमारी और जसिंता बेक ने विद्यार्थियों को मोबाइल से दूरी बनाकर लक्ष्यपूर्ण अध्ययन करने की प्रेरणा दी।

सम्मान और सांस्कृतिक कार्यक्रम

कार्यक्रम में विद्यालय प्रबंधन की ओर से मुख्य अतिथियों को पुष्पगुच्छ और शॉल देकर सम्मानित किया गया। सभी शिक्षकों का भी अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर केक काटकर शिक्षक दिवस का उत्सव मनाया गया और एक-दूसरे को शुभकामनाएँ दी गईं।

मंच संचालन शिक्षिका हिमा कुमारी तथा बाल संसद के सदस्य अर्पिता कुमारी और मनीषा कुमारी ने किया। धन्यवाद ज्ञापन जसिंता बेक ने प्रस्तुत किया।

बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित

कार्यक्रम में विद्यालय की शिक्षिकाएँ वीणा देवी, अंजलि कुमारी, मुस्कान कुमारी, रजनी सिन्हा, नेहा बरखा टोप्पो, नोर्बर्ट बेक, अबलीन तिर्की समेत सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ, बाल संसद के सदस्य और विद्यालय प्रबंधन समिति के लोग मौजूद रहे।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading