20.4 C
Ranchi
Sunday, March 8, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaआयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से जुड़ेंगे जिले के सभी निजी अस्पताल व...

आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन से जुड़ेंगे जिले के सभी निजी अस्पताल व क्लीनिक : सिविल सर्जन

गुमला जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को पूरी तरह डिजिटल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। गुमला सदर अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. शंभू नाथ चौधरी ने बताया कि जिले के सभी निजी अस्पतालों, क्लिनिकों और डायग्नोस्टिक केंद्रों को आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन (ABDM) से जोड़ा जाएगा।

इस उद्देश्य से गुमला सदर अस्पताल के सभागार में आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के तहत एक दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़ना और निजी स्वास्थ्य संस्थानों को सरकारी स्वास्थ्य तंत्र के साथ एकीकृत करना रहा।

कार्यशाला का उद्घाटन मुख्य अतिथि सिविल सर्जन डॉ. शंभू नाथ चौधरी एवं सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अनुपम किशोर ने संयुक्त रूप से किया। इसमें जिले के सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्रखंड कार्यक्रम प्रबंधक, प्रखंड डाटा प्रबंधक के साथ-साथ निजी अस्पतालों, क्लिनिकों, डायग्नोस्टिक एवं अल्ट्रासाउंड केंद्रों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण सत्र के दौरान राज्य से आईं प्रशिक्षक रंजना एवं रश्मि के साथ जिला डाटा प्रबंधक मो. साजिस इकबाल और जेबा आफरीन ने तकनीकी सत्रों का संचालन किया। इस दौरान मरीजों की डिजिटल स्वास्थ्य पहचान के लिए ‘आभा आईडी’ निर्माण, सरकारी व निजी अस्पतालों का डिजिटल पंजीकरण तथा डॉक्टरों व पैरामेडिकल स्टाफ का डिजिटल डेटाबेस तैयार करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. शम्मी अग्रवाल ने कहा कि यह प्रशिक्षण निजी स्वास्थ्य संस्थानों को आधुनिक चिकित्सा प्रणाली से जोड़ने की एक महत्वपूर्ण पहल है। डिजिटल मिशन से जुड़कर निजी संस्थान अपनी सेवाओं में पारदर्शिता और गुणवत्ता दोनों बढ़ा सकेंगे।

सिविल सर्जन डॉ. शंभू नाथ चौधरी ने कहा कि डिजिटल युग में स्वास्थ्य सेवाओं का पेपरलेस होना समय की मांग है। इससे मरीजों का इलाज अधिक सुलभ होगा और उनका मेडिकल रिकॉर्ड एक क्लिक पर उपलब्ध रहेगा, जिससे उपचार प्रक्रिया और अधिक प्रभावी बनेगी।

न्यूज़ – गणपत लाल चौरसिया 


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading