21.7 C
Ranchi
Sunday, March 8, 2026
Advertisement
HomeUncategorizedराज्यस्तरीय कौशल प्रतियोगिता संपन्न, 11 ट्रेड में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, 33...

राज्यस्तरीय कौशल प्रतियोगिता संपन्न, 11 ट्रेड में छात्रों ने दिखाई प्रतिभा, 33 छात्र हुए सम्मानित

रांची।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से राज्य में व्यावसायिक शिक्षा के अंतर्गत अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए आयोजित राज्यस्तरीय कौशल प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। प्रतियोगिता का आयोजन रांची के कांके स्थित वेंचर स्किल इंडिया, दीनदयाल उपाध्याय कौशल केंद्र में किया गया, जिसमें कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों ने भाग लिया।

राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में 24 जिलों से चयनित छात्र-छात्राओं ने कुल 264 प्रोजेक्ट और मॉडल प्रस्तुत किए। ये प्रोजेक्ट राज्य में संचालित व्यावसायिक शिक्षा के 11 विभिन्न ट्रेड कोर्स से संबंधित थे। इससे पूर्व विद्यालय और जिला स्तर पर भी कौशल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था, जिसमें प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित झारखंड शिक्षा परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए प्रोजेक्ट और मॉडल्स का अवलोकन किया और उनकी सराहना की। उन्होंने कहा कि झारखंड में व्यावसायिक शिक्षा अब केवल रोजगार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह विद्यार्थियों को उद्यमशीलता, नवाचार और आत्मनिर्भरता की दिशा में भी तैयार कर रही है। छात्रों के प्रोजेक्ट इस बात का प्रमाण हैं कि वे अपने कौशल का व्यावहारिक उपयोग समझने लगे हैं और वास्तविक जीवन की समस्याओं के समाधान खोजने में सक्षम हो रहे हैं।

श्री शशि रंजन ने कहा कि विद्यालय, जिला और राज्य स्तर पर आयोजित इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें एक प्रतिस्पर्धी मंच भी प्रदान करती हैं। उन्होंने अधिक से अधिक विद्यार्थियों को कौशल आधारित शिक्षा से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि इससे छात्र पढ़ाई के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसरों के लिए भी सक्षम बनेंगे।

कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 33 विद्यार्थियों को राज्यस्तर पर सम्मानित किया गया। निदेशक ने सभी विजेताओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा शिक्षकों, प्रशिक्षकों और जिला स्तरीय टीमों के योगदान की भी सराहना की।

राज्यस्तरीय कौशल प्रतियोगिता के विजेता इस प्रकार रहे—

मल्टी स्किल में खूंटी के ईशान अंसारी को प्रथम, खूंटी के गुंजन नायक को द्वितीय और लोहरदगा के विजय उरांव को तृतीय पुरस्कार मिला।
ब्यूटी एंड वेलनेस में दुमका की नेहा कुमारी प्रथम, खूंटी की तन्नू कुमारी द्वितीय और लातेहार की आयुषी कुमारी तृतीय रहीं।
ऑटोमोटिव में कोडरमा के चंदन कुमार को प्रथम, दुमका के अमन कुमार सेन को द्वितीय और गढ़वा के मोहम्मद आदिल अंसारी को तृतीय पुरस्कार मिला।
मीडिया एंड एंटरटेनमेंट में पश्चिम सिंहभूम के मो. नवाब खान प्रथम, रामगढ़ की जेहरा द्वितीय और गढ़वा की सुहानी सिंह तृतीय रहीं।
रिटेल में कुमकुम कुमारी प्रथम, पूर्वी सिंहभूम के अभिषेक रजक द्वितीय और सरायकेला-खरसावां की सलोनी कुमारी तृतीय रहीं।
इलेक्ट्रॉनिक्स एंड हार्डवेयर में जामताड़ा के अर्जित सिंह प्रथम, खूंटी के गुंजन नायक द्वितीय और लोहरदगा के विजय उरांव तृतीय रहे।
आईटी ट्रेड में सरायकेला के दीपेश महतो प्रथम, गढ़वा के प्रणीत सोनी द्वितीय और रांची के पुनीत शर्मा तृतीय स्थान पर रहे।
हेल्थकेयर में पूर्वी सिंहभूम की कुमकुम रानी प्रथम, साहिबगंज की सादिया खातून द्वितीय और चतरा की फरहीन नाज तृतीय रहीं।
अपैरल में देवघर की सीनू कुमारी प्रथम, साहिबगंज की रुत कुमारी द्वितीय और सिमडेगा की बेब्लीन बारला तृतीय रहीं।
कृषि ट्रेड में रामगढ़ की खुशी प्रथम, गिरिडीह की निशा कुमारी द्वितीय और सरायकेला के अभिजीत महतो तृतीय रहे।
पर्यटन ट्रेड में रांची की मेहर परवीन प्रथम, सरायकेला के कुणाल साव द्वितीय और बोकारो की माही कुमारी तृतीय रहीं।

News Desk


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading