31.1 C
Ranchi
Saturday, March 7, 2026
Advertisement
HomeSport69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड का शानदार प्रदर्शन

69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड का शानदार प्रदर्शन

अंडर-14 बालक टीम ने हासिल किया तृतीय स्थान

मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ स्थित लोधीढोंगा एस्ट्रोटर्फ हॉकी मैदान में 22 से 27 दिसंबर 2025 तक आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली हॉकी प्रतियोगिता में झारखंड की अंडर-14 बालक हॉकी टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त कर राज्य का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया। प्रतियोगिता में देश के 32 राज्यों एवं इकाइयों की टीमों ने भाग लिया।

झारखंड टीम, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची के नेतृत्व में प्रतियोगिता में शामिल हुई। टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासित खेल, आक्रामक रणनीति और बेहतरीन टीमवर्क का परिचय दिया। लीग एवं नॉकआउट चरणों में झारखंड ने एकतरफा जीत दर्ज करते हुए दिल्ली को 13–0, केरल को 9–0, जम्मू-कश्मीर को 12–0 से पराजित किया। प्री-क्वार्टर फाइनल में कर्नाटक को 8–0 तथा क्वार्टर फाइनल में बिहार को 12–0 से हराकर टीम सेमीफाइनल में पहुंची। सेमीफाइनल में कड़े मुकाबले में झारखंड को उत्तर प्रदेश से 1–2 से पराजय का सामना करना पड़ा।

तृतीय स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में झारखंड टीम ने मणिपुर को 14–0 से पराजित कर प्रतियोगिता में तीसरा स्थान सुनिश्चित किया। प्रतियोगिता के दौरान टीम के कोच सैय्यद मोहम्मद मशरूर एवं मैनेजर राजन गुरुंग का योगदान सराहनीय रहा। उनके कुशल मार्गदर्शन, अनुशासन एवं प्रभावी प्रबंधन का परिणाम रहा कि टीम ने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। कोच सैय्यद मोहम्मद मशरूर को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बेस्ट कोच अवॉर्ड से सम्मानित किया गया।

इस उपलब्धि पर माननीय मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन, शिक्षा सचिव श्री उमाशंकर सिंह, राज्य परियोजना निदेशक श्री शशि रंजन, प्रशासी पदाधिकारी श्री सच्चिदानंद द्विवेदी तिग्गा, राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी श्री धीरसेन ए. सोरेंग एवं राज्य खेल कोषांग के सदस्यों ने टीम को बधाई देते हुए खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

News Desk


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading