29.5 C
Ranchi
Saturday, June 6, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsJamshedpurजमशेदपुर से अपहृत युवा कारोबारी कैरव गांधी सकुशल बरामद, पुलिस की बड़ी...

जमशेदपुर से अपहृत युवा कारोबारी कैरव गांधी सकुशल बरामद, पुलिस की बड़ी कामयाबी

जमशेदपुर से अपहृत युवा कारोबारी कैरव गांधी सकुशल बरामद, पुलिस की बड़ी कामयाबी

जमशेदपुर से अपहरण किए गए युवा कारोबारी कैरव गांधी को पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है। इस संबंध में जमशेदपुर के सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने पुष्टि करते हुए बताया कि कैरव गांधी पूरी तरह सुरक्षित हैं और इस अपहरण कांड में शामिल आपराधिक गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।

गौरतलब है कि उद्योगपति एवं ASIA के उपाध्यक्ष देवांग गांधी के पुत्र कैरव गांधी 13 जनवरी 2026 को दोपहर के समय अचानक लापता हो गए थे। उनके गायब होने के बाद परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पूरे मामले की गंभीरता से जांच शुरू की गई। जांच के दौरान कैरव की कार सरायकेला जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में एक होटल के पास लावारिस हालत में बरामद की गई थी। वहीं, उनके मोबाइल फोन का अंतिम लोकेशन जमशेदपुर के सोनारी क्षेत्र में ट्रेस हुआ था, जिसके बाद फोन स्विच ऑफ हो गया।

लगातार तकनीकी निगरानी, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और कई स्थानों पर छापेमारी के बाद जमशेदपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी। पुलिस ने कैरव गांधी को हजारीबाग के बिहार बॉर्डर से सटे इलाके से सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, इस अपहरण के पीछे बिहार का एक संगठित किडनैपिंग गिरोह सक्रिय था, जो कैरव को रोज़ एक स्थान से दूसरे स्थान पर शिफ्ट कर रहा था, ताकि पुलिस उन्हें ट्रेस न कर सके।

इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि हजारीबाग के चौपारण के आसपास, बिहार सीमा के निकट कैरव को एक बार फिर शिफ्ट किया जा रहा है। सूचना मिलते ही कई पुलिस टीमों ने एक साथ कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही अपराधी मौके पर कार छोड़कर फरार हो गए, जिसके बाद कैरव गांधी को सुरक्षित मुक्त करा लिया गया।

इस पूरे घटनाक्रम के बाद आज सुबह करीब साढ़े चार बजे कैरव गांधी को उनके परिजनों के हवाले कर दिया गया। सिंहभूम चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष मानव केडिया ने पुलिस की तत्परता की सराहना की। वहीं, देवांग गांधी ने स्थानीय पुलिस, जमशेदपुर पुलिस और झारखंड पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। फिलहाल पुलिस पूरे अपहरण नेटवर्क की गहन जांच में जुटी हुई है।

News Desk

[aplbcp product_list=1]


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading