28.1 C
Ranchi
Sunday, June 28, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaतिरंगे में लिपटा पैतृक गांव बिंदोरा पहुंचा सीआईएसएफ के वीर जवान का...

तिरंगे में लिपटा पैतृक गांव बिंदोरा पहुंचा सीआईएसएफ के वीर जवान का पार्थिव शरीर, राजकीय सम्मान के साथ दी गई अंतिम विदाई

गार्ड ऑफ ऑनर के बीच नम आंखों से दी गई श्रद्धांजलि, परिजनों को सौंपा गया राष्ट्रीय ध्वज

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

गुमला : चैनपुर प्रखंड के बिंदोरा गांव निवासी एवं केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) में कार्यरत असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर अजीत कुमार कुजूर का पार्थिव शरीर शनिवार को उनके पैतृक गांव पहुंचा, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। तिरंगे में लिपटे वीर जवान के अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

जानकारी के अनुसार, अजीत कुमार कुजूर वर्तमान में बीसीसीएल, धनबाद में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत थे। वे 25 जून 2026 को अवकाश लेकर अपने घर आए थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए रांची स्थित पारस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां शुक्रवार को उनका निधन हो गया।

वीर जवान के निधन की सूचना मिलते ही विभागीय अधिकारियों ने आवश्यक व्यवस्था करते हुए उनके पार्थिव शरीर को पैतृक गांव बिंदोरा पहुंचाया। इस दौरान आईआरबी द्वितीय बटालियन के सब इंस्पेक्टर जितेंद्र यादव के नेतृत्व में 20 जवानों की टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर अंतिम सलामी दी। इसके उपरांत विभाग की ओर से सम्मान स्वरूप राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा उनके परिजनों को सौंपा गया।

परिजनों ने बताया कि अजीत कुमार कुजूर वर्ष 1994 में सीआईएसएफ में भर्ती हुए थे और अपनी सेवाओं के दौरान उन्होंने कर्तव्यनिष्ठा एवं समर्पण का परिचय दिया। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, उनके आश्रित परिवार को नियमानुसार अनुकंपा के आधार पर एक सदस्य को नौकरी प्रदान की जाएगी। साथ ही अन्य विभागीय लाभों के अतिरिक्त लगभग 35 लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी।

अंतिम यात्रा में चैनपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने नम आंखों से वीर जवान को अंतिम विदाई दी और उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

देश सेवा में समर्पित वीर सपूत अजीत कुमार कुजूर की सेवाओं और योगदान को क्षेत्रवासी हमेशा याद रखेंगे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading