25.4 C
Ranchi
Thursday, July 9, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaदिव्यांग बच्चों के बीच सहायक उपकरणों का वितरण, अक्टूबर से फिर लगेगा...

दिव्यांग बच्चों के बीच सहायक उपकरणों का वितरण, अक्टूबर से फिर लगेगा जांच शिविर

News – Kahkashan Farooqi 

गोमिया: प्रखंड संसाधन केंद्र (बीआरसी) परिसर में बुधवार को सत्र 2025-26 के दिव्यांग बच्चों के लिए सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान कुल 10 दिव्यांग बच्चों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराए गए। इनमें दो व्हीलचेयर सहित अन्य आवश्यक दिव्यांग सहायक उपकरण वितरित किए गए।
उपकरणों का वितरण एलिम्को टीम की ओर से किया गया। इस अवसर पर ऑडियोलॉजिस्ट डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार सिंह, पी एंड ओ डॉ. धनंजय कुमार मंडल, पी एंड ओ डॉ. रवि कुमार, बीआरसी के बीपीओ इकबाल अतहर वारसी, रिसोर्स शिक्षिका स्नेहलता, प्रियंका कुमारी, हेमलाल महतो एवं प्रकाश शर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
ऑडियोलॉजिस्ट डॉ. ज्ञानेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि दिव्यांग बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें उनकी आवश्यकता के अनुरूप सहायक उपकरण उपलब्ध कराना उनके समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। इससे वे शिक्षा और दैनिक जीवन में अधिक आत्मनिर्भर बन पाते हैं।
पी एंड ओ डॉ. धनंजय कुमार मंडल ने कहा कि प्रत्येक दिव्यांग बच्चे की जरूरत अलग होती है। विशेषज्ञों द्वारा जांच के बाद उपयुक्त सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाते हैं, जिससे उनके जीवन की कठिनाइयों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
रिसोर्स शिक्षिका स्नेहलता ने कहा कि दिव्यांग बच्चों को समय पर आवश्यक सहयोग और सहायक उपकरण मिलने से उनकी पढ़ाई में निरंतरता बनी रहती है और उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बच्चों की नियमित जांच कराते रहें और विभाग द्वारा आयोजित शिविरों का लाभ अवश्य उठाएं।
बीआरसी के बीपीओ इकबाल अतहर वारसी ने बताया कि बीआरसी परिसर में पूर्व में आयोजित जांच शिविर में चयनित बच्चों के बीच सहायक उपकरणों का वितरण किया गया है। उन्होंने कहा कि अक्टूबर से सितंबर के बीच नए दिव्यांग बच्चों की पहचान एवं जांच के लिए विशेष जांच शिविर आयोजित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद बच्चों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान लाभुक बच्चों एवं उनके अभिभावकों ने सहायक उपकरण प्राप्त कर खुशी व्यक्त की तथा शिक्षा विभाग एवं चिकित्सकीय टीम के प्रति आभार जताया।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading