22.4 C
Ranchi
Thursday, July 23, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaसुब्रतो मुखर्जी कप 2026 : गुमला की बेटियों ने रचा इतिहास, राज्य...

सुब्रतो मुखर्जी कप 2026 : गुमला की बेटियों ने रचा इतिहास, राज्य चैंपियन बन राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए किया क्वालीफाई

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

गुमला : – गुमला जिला की बेटियों ने रचा इतिहास , राज्य स्तरीय 65 वीं सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता–2026 के अंडर-17 बालिका वर्ग में गुमला जिला की टीम ने शानदार एवं अपराजेय प्रदर्शन करते हुए राज्य चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन एवं राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी धीरसेन सोरेंग के द्वारा सभी खिलाड़ियों को मेडल एवं पुरस्कार सहित विजेता ट्राफी प्रदान की गई।

झारखंड शिक्षा परियोजना, गुमला के तत्वावधान में खेल रही संत पात्रिक उच्च विद्यालय, गुमला की छात्राएं जो बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, इंडोर स्टेडियम, गुमला में अभ्यास करती हैं ने पूरे टूर्नामेंट में अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए झारखंड का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया।

कप्तान सबरनी कुमारी के नेतृत्व में गुमला की टीम पूरे टूर्नामेंट में आक्रामक एवं अनुशासित खेल का प्रदर्शन करती रही। टीम की सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि पूरे टूर्नामेंट में किसी भी विपक्षी टीम को एक भी गोल करने का अवसर नहीं मिला। फाइनल मुकाबले में हजारीबाग के विरुद्ध 2-0 की जीत में दोनों गोल कप्तान सबरनी कुमारी ने दागकर अपनी टीम को ऐतिहासिक विजय दिलाई और मैच की नायिका रहीं।

गुमला की टीम ने लीग चरण में अपने सभी मुकाबले जीतकर 12 अंक अर्जित किए। पहले मैच में हजारीबाग को 1-0, दूसरे मैच में कोल्हान प्रमंडल को 11-0, तीसरे मैच में संथाल प्रमंडल (दुमका) को 1-0 तथा चौथे मैच में पलामू प्रमंडल को 11-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। सेमीफाइनल में भी गुमला की टीम ने कोल्हान प्रमंडल को 11- 0 से रौन्दडाला और बड़े अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश कर स्थान बनाई और फाइनल में हजारीबाग को 2-0 से पराजित कर गुमला ने राज्य चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया।

इस शानदार प्रदर्शन के साथ गुमला की टीम ने 18 अगस्त 2026 से नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय 65वीं सुब्रतो मुखर्जी कप फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान सुरक्षित कर लिया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में गुमला जिले के बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, इंडोर स्टेडियम, गुमला की खिलाड़ी प्रशिक्षक वीणा केरकेट्टा के नेतृत्व में झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी। इसके पूर्व सभी खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रशिक्षण शिविर में भाग लेकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता की तैयारी करेंगी।

इस उपलब्धि पर उपायुक्त दिलेश्वर महतो, उपविकास आयुक्त अनिमेष रंजन, जिला शिक्षा पदाधिकारी कविता खलखो, जिला शिक्षा अधीक्षक नूर आलम खां, जिला खेल पदाधिकारी प्रवीण कुमार, प्राचार्य फादर नोबोर, एडीपीओ ज्योति खलखो, बीपीओ दिलदार सिंह, शिक्षक अल्बन मिंज, जितेंद्र कच्छप, उत्तम लकड़ा, वरिष्ठ खेल प्रेमी कृष्णा उरांव, जिले के सभी वरिष्ठ खिलाड़ियों तथा खेल प्रेमियों ने टीम, प्रशिक्षक एवं विद्यालय परिवार को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
सभी ने विश्वास व्यक्त किया कि गुमला की बेटियां राष्ट्रीय स्तर पर भी इसी जुझारूपन और आत्मविश्वास के साथ खेलते हुए झारखंड का नाम पूरे देश में गौरवान्वित करेंगी।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading