24.3 C
Ranchi
Friday, July 24, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला में स्कूल से मंडल कारा तक खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती,...

गुमला में स्कूल से मंडल कारा तक खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, जाँच के लिए गए खाद्य नमूने

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

गुमला : – गुमला जिला मुख्यालय में खाद्य सुरक्षा मानकों के प्रभावी अनुपालन और आम नागरिकों को सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुक्रवार को गुमला शहर में खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा व्यापक निरीक्षण एवं जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान संयुक्त खाद्य सुरक्षा आयुक्त, झारखंड, उपायुक्त गुमला एवं अभिहित अधिकारी-सह-अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, गुमला के संयुक्त निर्देश पर संचालित किया गया। अभियान का नेतृत्व खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी प्रकाश चंद्र गुग्गी, कुमार प्रभाकर एवं आशा राज ने किया।

अभियान की शुरुआत राजकीयकृत मध्य विद्यालय, गुमला से हुई, जहां मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों को “आज से थोड़ा कम तेल, चीनी और नमक” अभियान के तहत संतुलित आहार अपनाने, फोर्टिफाइड खाद्य पदार्थों के लाभ तथा तंबाकू, गुटखा और खैनी जैसी नशीली वस्तुओं से दूर रहने के लिए जागरूक किया गया।

इसके बाद टीम ने गुमला मंडल कारा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपयोग में लाए जा रहे सरसों तेल, आटा एवं चायपत्ती के नमूने संग्रहित कर गुणवत्ता जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भेजे गए।

निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने माननीय उच्च न्यायालय के निर्देशों की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया कि गुमला जिले में खुले में मीट एवं चिकन को काटना अथवा बिक्री प्रतिबंधित है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इसके उपरांत टीम ने गुमला कोर्ट परिसर, कचहरी चौक तथा आसपास के विभिन्न होटलों l खाद्य प्रतिष्ठानों एवं चाट-ठेला संचालकों का निरीक्षण किया। इस दौरान खाद्य लाइसेंस, पंllजीकरण, स्वच्छता व्यवस्था, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, सुरक्षित भंडारण, एक्सपायरी तिथि एवं लेबलिंग की गहन जांच की गई। जिन प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई एवं खाद्य पदार्थों के रख-रखाव में कमियां मिलीं, उन्हें तत्काल सुधार करने के निर्देश दिए गए।

सड़क किनारे संचालित चाट एवं फास्ट फूड विक्रेताओं को खाद्य सामग्री ढककर रखने, अखाद्य रंगों का प्रयोग नहीं करने तथा भोजन परोसने या पैक करने के लिए समाचार पत्र का उपयोग नहीं करने की सख्त हिदायत दी गई। अधिकारियों ने बताया कि समाचार पत्र की स्याही स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकती है।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने कहा कि जिले में सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने, खाद्य कारोबारियों में नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा जनस्वास्थ्य की रक्षा के उद्देश्य से इस प्रकार के संयुक्त निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading