28.5 C
Ranchi
Saturday, July 25, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaघूरती रथ के साथ संपन्न हुआ भगवान जगन्नाथ का पुनरागमन, मौसीबाड़ी से...

घूरती रथ के साथ संपन्न हुआ भगवान जगन्नाथ का पुनरागमन, मौसीबाड़ी से मंदिर लौटे महाप्रभु

गुमला (ब्यूरो प्रमुख ) – गणपत लाल चौरसिया

गुमला के करौंदी मालवीय नगर और नागफेनी में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकली घूरती रथ यात्रा, उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब

गुमला : गुमला जिले में रविवार को भगवान जगन्नाथ की घूरती रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुई। जिला मुख्यालय के करौंदी मालवीय नगर तथा गुमला से लगभग 10 किलोमीटर दूर नागफेनी स्थित कोयल नदी तट पर अवस्थित भगवान जगन्नाथ मंदिर परिसर से भव्य घूरती रथ यात्रा निकाली गई। दोनों स्थानों पर हर वर्ष परंपरागत रूप से रथ यात्रा और घूरती रथ यात्रा का आयोजन किया जाता है, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होते हैं।

धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान जगन्नाथ, बड़े भाई भगवान बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा रथ यात्रा के दौरान अपने मौसीबाड़ी जाते हैं। नौ दिनों तक वहां विश्राम और एकांतवास के बाद घूरती रथ के अवसर पर तीनों विग्रह पुनः अपने मूल मंदिर लौटते हैं। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए रविवार को विशेष पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा को आकर्षक ढंग से सुसज्जित रथ पर विराजमान कराया गया।

सुबह से ही मौसीबाड़ी परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि एवं मंगल की कामना की। इसके बाद भगवान के रथ को खींचने के लिए श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जय जगन्नाथ के जयघोष और भक्ति गीतों के बीच रथ यात्रा मौसीबाड़ी से प्रारंभ होकर मंदिर परिसर तक पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा को पुनः गर्भगृह में विराजमान कराया गया।

घूरती रथ यात्रा के अवसर पर दोनों स्थानों पर विशाल मेले का भी आयोजन किया गया। मेले में दूर-दराज से पहुंचे श्रद्धालुओं ने झूले, मनोरंजन के विभिन्न साधनों और पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लिया। मिठाइयों, खिलौनों, श्रृंगार सामग्री, घरेलू उपयोग की वस्तुओं तथा खान-पान की दुकानों पर दिनभर लोगों की भीड़ लगी रही। चाट, गोलगप्पे, दही बड़ा, चाउमीन और अन्य व्यंजनों की दुकानों पर भी अच्छी-खासी रौनक देखने को मिली।

मेले में विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी अपने-अपने स्टॉल लगाकर सामाजिक जागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों और जनहितकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया।

पूरे आयोजन के दौरान भक्ति, आस्था और उत्सव का अनूठा संगम देखने को मिला। भगवान जगन्नाथ के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा और श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह एवं श्रद्धा के साथ घूरती रथ यात्रा में भाग लेकर इस धार्मिक परंपरा को जीवंत बनाए रखा।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading