28.5 C
Ranchi
Saturday, July 25, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGomiaजिले का पहला इन-हाउस मोबाइल ऐप लॉन्च करने वाला बना पिट्स मॉडर्न...

जिले का पहला इन-हाउस मोबाइल ऐप लॉन्च करने वाला बना पिट्स मॉडर्न स्कूल, ‘MyPitts1.0’ से डिजिटल शिक्षा को मिली नई उड़ान

News – Kahkashan Farooqi

गोमिया- शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल क्रांति की दिशा में पिट्स मॉडर्न स्कूल, गोमिया ने एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 1967 से शैक्षणिक उत्कृष्टता की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए विद्यालय ने अपना आधिकारिक मोबाइल एप ‘MyPitts1.0’ लॉन्च किया। इसके साथ ही पिट्स मॉडर्न स्कूल जिले का पहला ऐसा विद्यालय बन गया है, जिसने अपना स्वयं का इन-हाउस मोबाइल एप विकसित कर विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन के बीच संवाद को और अधिक आधुनिक व प्रभावी बनाया है।

शनिवार को आयोजित समारोह का शुभारंभ अतिथियों के स्वागत एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद गोमिया स्कूल सोसाइटी के उपाध्यक्ष ने डिजिटल माध्यम से MyPitts1.0 ऐप का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल रहा।

विद्यालय के प्राचार्य बृज मोहन लाल दास ने कहा कि वर्तमान समय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तकनीक के बिना अधूरी है। उन्होंने कहा कि MyPitts1.0 ऐप के माध्यम से विद्यालय ने डिजिटल शिक्षा के नए युग में प्रवेश किया है। इस ऐप से अभिभावकों और विद्यार्थियों को उपस्थिति, गृहकार्य, असाइनमेंट, परीक्षा परिणाम, ऑनलाइन शुल्क भुगतान, शुल्क रसीद, पाठ्यक्रम, सर्कुलर, छात्र प्रोफाइल सहित विद्यालय से जुड़ी अनेक महत्वपूर्ण जानकारियां एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी। इससे विद्यालय की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी, सुगम और प्रभावी बनेगी।

गोमिया प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष अरिंदम दासगुप्ता ने कहा कि डिजिटलीकरण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और शिक्षा को इस परिवर्तन का नेतृत्व करना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह ऐप केवल तकनीकी सुविधा नहीं, बल्कि भविष्य की शिक्षा व्यवस्था की ओर बढ़ाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है, जो विद्यार्थियों, अभिभावकों और विद्यालय को एक मजबूत डिजिटल मंच पर जोड़ता है।

कार्यक्रम में आईईएल (ओरिका), गोमिया के एमसीएम अभिषेक विश्वास ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे नवाचार विद्यार्थियों और अभिभावकों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए पूरे विद्यालय परिवार को बधाई दी।

समारोह में कक्षा आठवीं एवं नौवीं के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यालय प्रबंधन ने छात्रों को तकनीक को सीखने, नवाचार और आत्मविकास का सशक्त माध्यम बनाने का संदेश दिया। साथ ही बताया गया कि MyPitts1.0 ऐप विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने के साथ विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति की नियमित निगरानी में भी सहायक होगा।

इस अवसर पर श्याम भूषण श्रीवास्तव को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि ऐप के विकास एवं सफल क्रियान्वयन में उनकी तकनीकी विशेषज्ञता और समर्पित सहयोग की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
MyPitts1.0 ऐप के शुभारंभ के साथ पिट्स मॉडर्न स्कूल ने एक बार फिर यह साबित किया है कि वह पारंपरिक शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ आधुनिक तकनीक को अपनाते हुए जिले में शिक्षा के नए मानक स्थापित करने की दिशा में निरंतर अग्रसर है।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading