24.2 C
Ranchi
Wednesday, August 12, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला में रक्त की कमी दूर करने को चलेगा महा-अभियान, 13 अगस्त...

गुमला में रक्त की कमी दूर करने को चलेगा महा-अभियान, 13 अगस्त को सिसई कॉलेज में रक्तदान शिविर

गुमला ब्यूरो प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला: सदर अस्पताल गुमला के ब्लड बैंक में रक्त की कमी को दूर करने और गंभीर मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने के लिए जिले में व्यापक रक्तदान अभियान चलाया जाएगा। इसे लेकर भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी, जिला शाखा गुमला की महत्वपूर्ण बैठक अनुमंडल पदाधिकारी अखिलेश कुमार की अध्यक्षता में हुई। बैठक का आयोजन उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो के निर्देशानुसार किया गया।

बैठक में जिले में अधिक से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित करने और लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने कहा कि रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए जिला मुख्यालय के साथ-साथ प्रखंड स्तर पर भी जागरूकता और रक्तदान अभियान को गति देने की जरूरत है।

प्रखंड स्तर तक चलेगा जागरूकता अभियान

सिविल सर्जन डॉ. शंभू नाथ चौधरी ने रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्यों और सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों से अपील की कि रक्तदान को लेकर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। उन्होंने जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, राजनीतिक दलों और समाजसेवियों से भी लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।

वहीं, एसडीओ अखिलेश कुमार ने कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी स्तर पर बैठकें आयोजित कर रक्तदाताओं को प्रोत्साहित करने और अभियान को सफल बनाने में पूरा सहयोग दिया जाएगा।

13 अगस्त को सिसई कॉलेज में विशेष रक्तदान शिविर

रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव बलदेव शर्मा ने बताया कि 13 अगस्त 2026 को बैजनाथ जालान कॉलेज, सिसई में विशेष रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में एनसीसी कैडेट्स के साथ बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने रक्तदान करने की सहमति दी है।

कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अमिताभ भारती और शिक्षकों ने शिविर के सफल आयोजन में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया है।

15 अगस्त के बाद बसिया और चैनपुर में भी अभियान

बैठक में आगे की रणनीति पर भी चर्चा हुई। तय किया गया कि 15 अगस्त के बाद बसिया और चैनपुर अनुमंडल में बैठकें आयोजित कर रक्तदान अभियान को व्यापक रूप से चलाया जाएगा। भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी के बैनर तले जिले के प्रत्येक प्रखंड में नियमित रक्तदान शिविर आयोजित करने की रूपरेखा तैयार की जाएगी।

इस अभियान का मुख्य उद्देश्य ब्लड बैंक में पर्याप्त रक्त की उपलब्धता बनाए रखना और जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना है।

बैठक में ये रहे मौजूद

बैठक में ब्लड बैंक प्रभारी डॉ. सुनील कुमार, सिसई बीडीओ रमेश कुमार यादव, भरनो बीडीओ अरुण कुमार सिंह, घाघरा बीडीओ सुशील, रेड क्रॉस सोसाइटी के सह-सचिव अशोक जायसवाल, कोषाध्यक्ष पवन अग्रवाल, आशिक अंसारी, अनिल पन्ना, मुरली मनोहर प्रसाद, विनय कुमार और अनुमंडल कार्यालय के सहायक संदीप कुमार नाग सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading