25.5 C
Ranchi
Wednesday, August 12, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaउपायुक्त की अध्यक्षता में डीएमएफटी  मद से संचालित की जाने वाली योजनाओं...

उपायुक्त की अध्यक्षता में डीएमएफटी  मद से संचालित की जाने वाली योजनाओं को लेकर विशेष बैठक आयोजित, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास एवं जनसुरक्षा से जुड़े प्रस्तावों पर हुई चर्चा

गुमला न्यूज़ ब्यूरो – गणपत लाल चौरसिया

गुमला : – गुमला उपायुक्त गुमला  दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में आज समाहरणालय सभागार में डीएमएफटी   मद से जिले में संचालित की जाने वाली विभिन्न योजनाओं एवं विकास कार्यों को लेकर विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में उक्त मद की राशि का प्रभावी एवं जनहित में उपयोग सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तावित योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में मुख्य रूप से पुलिस अधीक्षक गुमला  हारिस बिन जमा, जिला वन प्रमंडल पदाधिकारी अहमद बेलाल अनवर, उप विकास आयुक्त गुमला  अनिमेष रंजन, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, जिला योजना पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।
बैठक में स्वास्थ्य क्षेत्र के तहत एक एम्बुलेंस की व्यवस्था करने तथा एनेस्थीसिया चिकित्सक के लिए अतिरिक्त मानदेय उपलब्ध कराने संबंधी प्रस्ताव पर चर्चा की गई। इसके माध्यम से जिले में आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने एवं आवश्यक चिकित्सा सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
कौशल विकास के क्षेत्र में सेनेटरी पैड निर्माण हेतु पूर्व से अधिष्ठापित केंद्र को ‘किशोरी’ परियोजना के तहत संचालित एवं क्रियाशील करने का प्रस्ताव रखा गया। इसके साथ ही युवाओं के लिए करियर काउंसलिंग एवं स्किल डेवलपमेंट से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई।
शिक्षा क्षेत्र में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ई-लर्निंग के माध्यम से पठन-पाठन, कक्षा 10वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं के लिए अतिरिक्त कोचिंग कक्षाएं तथा हाइब्रिड कोर्स संचालित करने संबंधी प्रस्तावों पर विचार किया गया। लाइब्रेरी के लिए एक प्रोजेक्टर की खरीद तथा विद्यालयों के उन्नयन से जुड़े कार्यों पर भी चर्चा हुई। इसके अलावा मूक-बधिर विद्यालय में नए कमरों के निर्माण सहित आवश्यक आधारभूत संरचना विकसित करने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया।
महिला एवं बाल विकास के क्षेत्र में आंगनबाड़ी केंद्रों के उन्नयन हेतु कन्वर्जेन्स के माध्यम से कार्यों के क्रियान्वयन तथा महिला, बालक-बालिकाओं, वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के संचालन से संबंधित प्रस्तावों पर चर्चा की गई।
बैठक में मानव-वन्यजीव संघर्ष से ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। हाथियों से होने वाले नुकसान एवं मानव-हाथी संघर्ष को कम करने के उद्देश्य से आवश्यक सुरक्षा उपकरण, जैसे टॉर्च आदि की व्यवस्था करने संबंधी प्रस्ताव पर विचार किया गया। वहीं, सर्पदंश से बचाव एवं जागरूकता के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक प्रचार-प्रसार एवं नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाने का प्रस्ताव रखा गया।
इसके अतिरिक्त अक्षय ऊर्जा को बढ़ावा देने तथा प्रेस कतरनों एवं अन्य माध्यमों से संज्ञान में आने वाले जनहितकारी कार्यों  के दिशा-निर्देशों के अनुरूप शामिल करने संबंधी प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि उक्त मद से प्रस्तावित सभी योजनाओं का चयन जनहित, आवश्यकता एवं उक्त मद के निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं उपलब्ध संसाधनों के अधिकतम सदुपयोग पर विशेष ध्यान देने की बात कही, ताकि योजनाओं का वास्तविक लाभ जिले के जरूरतमंद एवं प्रभावित क्षेत्रों के लोगों तक पहुंच सके।

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading