26.1 C
Ranchi
Thursday, August 20, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaउपायुक्त की अध्यक्षता में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस आयोजित, विभिन्न प्रखंडों...

उपायुक्त की अध्यक्षता में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस आयोजित, विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आवेदकों की समस्याएं सुनी गईं

न्यूज – गनपत लाल चौरसिया – ब्यूरो प्रमुख – गुमला

गुमला : – गुमला उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे आम नागरिकों ने अपनी व्यक्तिगत समस्याओं एवं जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों को लेकर उपायुक्त के समक्ष आवेदन प्रस्तुत किए। उपायुक्त ने सभी आवेदकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवेदनों की नियमानुसार जांच करते हुए पात्रता एवं प्रावधानों के अनुरूप त्वरित एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान विद्यालय में शिक्षक के प्रतिनियोजन से पठन-पाठन प्रभावित होने, उग्रवादी हिंसा में मृत व्यक्ति के आश्रित को अनुकम्पा के आधार पर नियुक्ति, घाघरा में अतिक्रमण हटाने एवं शौचालय से संबंधित समस्या, विशुनपुर बाजार शेड की मरम्मत एवं नाली निर्माण तथा पालकोट में भूमि विवाद एवं कथित अतिक्रमण से संबंधित मामले उपायुक्त के समक्ष रखे गए। उपायुक्त ने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को प्रत्येक मामले की वस्तुस्थिति की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।

इसके अतिरिक्त विभिन्न प्रखंडों से आए आवेदकों ने भूमि विवाद, राजस्व अभिलेखों में सुधार, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, सड़क निर्माण, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, जाति, आय एवं आवासीय प्रमाण-पत्र निर्गत करने, रोजगार, मुआवजा भुगतान सहित अन्य जनहित से जुड़े मामलों में भी आवेदन प्रस्तुत किए।

उपायुक्त दिलेश्वर महत्तो ने कहा कि साप्ताहिक जन शिकायत निवारण दिवस आम नागरिकों और जिला प्रशासन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का निष्पक्ष, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निष्पादन प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि किसी भी शिकायत के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो तथा पात्र लाभुकों को नियमानुसार सरकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच करते हुए नियमानुसार कार्रवाई करें तथा आवेदकों की समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी पहल सुनिश्चित करें।

जन शिकायत निवारण दिवस के दौरान विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading