24.1 C
Ranchi
Tuesday, August 25, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला में नशे के कारोबार और अवैध खनन पर कसेगा शिकंजा, उपायुक्त...

गुमला में नशे के कारोबार और अवैध खनन पर कसेगा शिकंजा, उपायुक्त ने दिए सघन जांच और छापेमारी के निर्देश

गुमला न्यूज़ ब्यूरो – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला: समाहरणालय सभागार में उपायुक्त दिलेश्वर महतो की अध्यक्षता में एनकॉर्ड, कारा प्रशासन और जिला टास्क फोर्स (खनन) की संयुक्त समीक्षा बैठक हुई। बैठक में मादक पदार्थों की रोकथाम, अवैध खनन एवं खनिज परिवहन पर नियंत्रण, जेल प्रशासन की व्यवस्थाओं और विभागीय समन्वय की समीक्षा की गई।

उपायुक्त ने जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और सेवन पर प्रभावी रोक लगाने के लिए विशेष अभियान लगातार चलाने का निर्देश दिया। प्रमुख मार्गों और अंतरजिला सीमावर्ती क्षेत्रों में नियमित जांच के साथ दूसरे जिलों से आने वाले वाहनों की सघन जांच करने को कहा गया। साथ ही मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री से जुड़े संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर पुलिस एवं संबंधित विभागों के सहयोग से छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया।

अवैध खनन और परिवहन पर भी निगरानी

बैठक में अवैध खनन और अवैध खनिज परिवहन को लेकर भी उपायुक्त ने अधिकारियों को सख्ती बरतने का निर्देश दिया। संभावित बालू निकासी क्षेत्रों, समाप्त खनन पट्टों और चालू खनन पट्टाक्षेत्रों के बाहर नियमित निरीक्षण एवं छापेमारी करने को कहा गया।

इसके अलावा बालू के उपलब्ध स्टॉक की जांच, जारी ई-चालानों की सत्यता का सत्यापन और बालू परिवहन करने वाले वाहनों की नियमित जांच सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बॉक्साइट परिवहन के दौरान ओवरलोडिंग पर नियंत्रण के लिए भी विशेष जांच अभियान चलाने को कहा गया। नियमों का उल्लंघन मिलने पर संबंधित वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश अधिकारियों को दिया गया।

जेल में बंदियों की स्वास्थ्य जांच पर जोर

कारा प्रशासन की समीक्षा के दौरान उपायुक्त ने निर्मित भवनों को संबंधित विभागों से हैंडओवर कराने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया। जेल में बंदियों की नियमित स्वास्थ्य जांच कराने के साथ जरूरत के अनुसार एक्स-रे और अन्य चिकित्सीय जांच कराने को भी कहा गया।

महिला बंदियों और उनके साथ रह रहे बच्चों के लिए आवश्यक सुविधाओं तथा शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। बच्चों की शिक्षा व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए महिला शिक्षिका की व्यवस्था को लेकर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ काम करते हुए दिए गए निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध खनन और खनिज परिवहन जैसी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जरूरी है।

बैठक में जेल अधीक्षक, भवन प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग एवं पथ निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता और सहायक अभियंता, पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मियों सहित विभिन्न संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading