25.1 C
Ranchi
Sunday, August 30, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaगुमला में दो अलग-अलग हादसों में चार मासूम बच्चों की मौत, दो...

गुमला में दो अलग-अलग हादसों में चार मासूम बच्चों की मौत, दो सगे भाइयों की बीमारी से तो दो की टंकी में डूबने से गई जान

गुमला न्यूज ब्यूरो – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला: जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में चार मासूम बच्चों की मौत से मातम पसर गया। पालकोट थाना क्षेत्र में बीमारी से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि भरनो थाना क्षेत्र में पानी से भरी निर्माणाधीन बाथरूम की टंकी में डूबने से दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाओं के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इलाज के बजाय घरेलू उपचार और झाड़-फूंक का सहारा, एक घंटे में दो भाइयों की मौत

पहली घटना पालकोट थाना क्षेत्र के अलंकेरा गांव के मातिम टोली डोंगादाढ़ की है। यहां फ्रांसीस उरांव के दो मासूम बेटों की करीब एक घंटे के अंतराल में मौत हो गई। मृतकों की पहचान चार वर्षीय सचिन उरांव और तीन वर्षीय अनुज उरांव के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, दोनों बच्चे पिछले करीब आठ दिनों से बीमार थे। परिजनों के अनुसार, स्थानीय स्तर पर उनका इलाज कराने के साथ झाड़-फूंक भी कराई जा रही थी। इस दौरान अचानक दोनों की तबीयत बिगड़ गई। बताया गया कि सचिन ने रात करीब आठ बजे दम तोड़ दिया, जबकि करीब एक घंटे बाद रात नौ बजे अनुज की भी मौत हो गई।

एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों की थोड़े अंतराल में मौत की खबर से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पानी से भरी निर्माणाधीन टंकी में डूबे दो बच्चे

दूसरी घटना भरनो थाना क्षेत्र के लोंगा गांव की है। यहां पानी से भरी निर्माणाधीन बाथरूम की टंकी में डूबने से दो बच्चों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान नौ वर्षीय अरमान अंसारी, पिता असलम अंसारी और पांच वर्षीय जैद अंसारी, पिता मिनारूल अंसारी के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, अरमान राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, लोंगा में कक्षा तीन का छात्र था। वहीं जैद भी इसी विद्यालय में कक्षा एक में पढ़ता था, हालांकि उसका विद्यालय में नामांकन नहीं हुआ था। दोनों के बीच गहरी दोस्ती थी और रिश्ते में भी दोनों भाई लगते थे।

बताया गया कि शनिवार को दोनों बच्चे स्कूल नहीं गए थे और घर के आसपास खेल रहे थे। इसी दौरान खेलते-खेलते दोनों घर के सामने स्थित निर्माणाधीन बाथरूम की पानी से भरी टंकी में गिर गए। टंकी में पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों बच्चे बाहर नहीं निकल सके और डूबने से उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। दोनों परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading