25.1 C
Ranchi
Sunday, August 30, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaशराब के नशे में रात को घर लौटा युवक, सुबह फंदे से...

शराब के नशे में रात को घर लौटा युवक, सुबह फंदे से लटका मिला शव

गुमला न्यूज ब्यूरो – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला: बसिया थाना क्षेत्र के कोनवीर नवाटोली गांव में शनिवार सुबह एक युवक का शव घर के अंदर फंदे से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। वहीं, सूचना पाकर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

परिजनों के अनुसार, विकास सिंह शुक्रवार रात शराब के नशे में घर लौटा था। मृतक के भाई दीपक सिंह ने पुलिस को बताया कि विकास रसोईया का काम करता था और उसे शराब पीने की आदत थी। शुक्रवार रात भी उसने शराब पी रखी थी। घर लौटने के बाद उसने खाना खाया और सो गया।

परिजनों को इस बात की जानकारी नहीं थी कि रात में विकास कब उठा और किस परिस्थिति में उसने फंदा लगाया। शनिवार सुबह परिवार के सदस्यों ने जब उसे फंदे से लटका देखा तो घर में कोहराम मच गया। इसके बाद तत्काल घटना की सूचना बसिया थाना पुलिस को दी गई।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतरवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया।

पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों और परिजनों से पूछताछ की। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, युवक ने यह कदम क्यों उठाया, इसकी स्पष्ट जानकारी अभी सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

दो छोटी बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

विकास सिंह विवाहित था और उसकी दो छोटी बेटियां हैं। पिता की अचानक मौत से दोनों बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया। पति की मौत से पत्नी सदमे में है। वहीं, परिवार के सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद ग्रामीण भी शोकाकुल परिवार के घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading