24.1 C
Ranchi
Tuesday, September 8, 2026
Advertisement
HomeLocal NewsGumlaबालू लदे बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, दो युवकों...

बालू लदे बेकाबू ट्रैक्टर ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, दो युवकों की मौके पर मौत; गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम किया

गुमला न्यूज़ प्रमुख – गणपत लाल चौरसिया 

गुमला: गुमला सदर थाना क्षेत्र के सुरसुरिया केसीपारा गांव के पास तेज रफ्तार बालू लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार दो युवकों की जान ले ली। हादसा इतना भीषण था कि बाइक ट्रैक्टर की टक्कर के बाद सड़क से गुजर रहे ई-रिक्शा से जा टकराई और उसमें बुरी तरह फंस गई। हादसे में बाइक सवार रोहित मुंडा और सुंदर मुंडा, दोनों गिंडरा महुआ टोली के निवासी, की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि दोनों युवक गुमला जिला मुख्यालय से अपने घर की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सुरसुरिया केसीपारा के समीप तेज रफ्तार से आ रहे बालू लदे ट्रैक्टर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद बाइक उछलकर सड़क पर चल रहे ई-रिक्शा से जा भिड़ी और उसी में फंस गई। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि दुर्घटना के बाद ऑटो-टेंपो और बालू लदा ट्रैक्टर दोनों पलट गए।

हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक फरार

घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान ट्रैक्टर चालक घटनास्थल से फरार हो गया। चालक के भाग जाने से ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और हादसे के लिए जिम्मेदार चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे।

आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया। ग्रामीणों की मांग थी कि फरार ट्रैक्टर चालक को तत्काल गिरफ्तार किया जाए, मृतकों के आश्रित परिवारों को मुआवजा दिया जाए और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दी जाए।

अवैध बालू कारोबार और तेज रफ्तार पर ग्रामीणों का गुस्सा

हादसे के बाद ग्रामीणों ने जिले में चल रहे कथित अवैध बालू कारोबार को लेकर भी सवाल उठाए। ग्रामीणों का आरोप है कि गुमला जिले के विभिन्न नदी क्षेत्रों से बालू लोड कर बिना नंबर प्लेट के ट्रैक्टर और ट्रक तेज रफ्तार और अनियंत्रित तरीके से सड़कों पर दौड़ते हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि ऐसे वाहनों की वजह से आए दिन अलग-अलग स्थानों पर सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं और लोगों की जान जा रही है। इसके बावजूद खनन विभाग और अन्य संबंधित विभागों की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है।

ग्रामीणों ने अवैध बालू लदे वाहनों और तेज रफ्तार से चलने वाले ट्रैक्टरों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की। साथ ही हादसे में फरार चालक को जल्द गिरफ्तार करने की मांग को लेकर सड़क पर प्रदर्शन जारी रखा।

पुलिस ने समझाकर कराया सड़क जाम समाप्त

घटना की सूचना मिलते ही गुमला सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। इसके बाद पुलिस ने फरार ट्रैक्टर चालक की तलाश शुरू कर दी।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गुमला सदर अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस भेज दिया है।

फिलहाल पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है, जबकि हादसे के बाद एक बार फिर जिले में तेज रफ्तार और कथित अवैध बालू परिवहन को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।


Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Discover more from Jharkhand Weekly - Leading News Portal

Subscribe now to keep reading and get access to the full archive.

Continue reading